ब्रिटेन ने बेल्जियम को अत्यंत रोमांचक संघर्ष में हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल में मंगलवार को तीन-तीन गोल की बराबरी पर रोक कर दो जीत और एक ड्रॉ के साथ पूल-ए में सात अंक लेकर शीर्ष स्थान पाया। बेल्जियम एक जीत और एक ड्रॉ के साथ तीन मैचों से तीन अंक लेकर पूल में तीसरे स्थान पर रही।
ब्रिटेन ने आक्रामक अंदाज में आगाज किया और फिल रॉपर ने सातवें मिनट में बढ़िया मैदानी गोल कर अपनी टीम का खाता खोला। साइमन गुगनार्ड के दाएं से बढ़िया क्रॉस पर थॉमस ब्रिल्स ने गोल कर बेल्जियम को 13 वें मिनट में एक-एक की बराबरी दिला दी।
एलिस्टर ब्रागडन ने मैच के 28 मिनट में गोल कर ब्रिटेन की बढ़त 2-1 कर दी। अबुल फ्लोरेंट वान के पास पर तांगुए कॉजिंस ने गोल कर बेल्जियम को दो-दो की बराबरी दिला दी। एलन फॉर्स्थ ने 40 वें मिनट में गोल कर ब्रिटेन को 3-2 से आगे कर दिया। सैड्रिक चार्लियर को धकियाने पर मिले पेनाल्टी स्ट्रोक को टॉम बून ने गोल में बदल कर बेल्जियम को तीन-तीन की बराबरी दिला दी।
विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने ब्रिटेन के हाथों बड़ी हार का गुस्सा कनाडा पर अपने आखिरी पूल लीग मैच में मंगलवार को 6-0 से बड़ी जीत दर्ज कर उतारा। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया तीन मैचों से छह अंक लेकर पूल-ए में दूसरे स्थान पर रहा। विजेता ऑस्ट्रेलिया के लिए डैनियल बील ने दो गोल किए जबकि जेरमी हेवर्ड, डायलान वूदरस्पून, मैथ्यू डासन और किरन गोवर्स ने एक गोल किया।
बुधवार को पूल-बी की चैंपियन नीदरलैंड पहले क्वार्टर फाइनल में कनाडा से भिड़ेगी जबकि दूसरे क्वॉर्टर फाइनल में विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला जर्मनी से होगा। ऑस्ट्रेलिया तीन मैचों से छह अंकों के साथ पूल-ए में दूसरे स्थान पर रही जबकि जर्मनी पूल-बी में तीसरे स्थान पर रही।
बृहस्पतिवार को ब्रिटेन तीसरे क्वार्टर फाइनल में भारत से भिड़ेगा जबकि अंतिम क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम का मुकाबला अर्जेंटीना से होगा।