नाै मीटर दूरी से सीधा थ्रो मारकर किया गोल
एकलव्य पुरस्कार विजेता राष्ट्रीय खिलाड़ी रेशमा यादव ने गोलपोस्ट से 9 मीटर दूरी से सीधा और तेज थ्रो मारकर गोल किया और टीम को 6-5 के स्कोर से जीत दिलाई दी। निर्णायक की भूमिका प्रीति गौड़ ने निभाई। समापन समारोह की मुख्य अतिथि यूपी हैंडबॉल संघ की प्रदेश सचिव विभव सिंह ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। विशिष्ट अतिथि जिला हैंडबॉल संघ के सचिव शम्स तबरेज शंपू ने उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया। अध्यक्षता कार्यक्रम संयोजक यूपी हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने की।
फेडरेशन कप में खेलेंगे वाराणसी के दो खिलाड़ी
वाराणसी। भारतीय कबड्डी संघ की ओर से आयोजित सीनियर फेडरेशन कप कबड्डी प्रतियोगिता आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती में खेली जाएगी। इस प्रतियोगिता में खेलने के लिए वाराणसी के दो खिलाड़ियों दिव्यांशु और रोनित सिंह का चयन यूपी टीम में हुआ है। जिला कबड्डी संघ के सचिव विनय सिंह ने बताया कि चयनित वाराणसी के खिलाड़ी शुक्रवार शाम अमरावती पहुंचे। सीनियर फेडरेशन कप कबड्डी प्रतियोगिता आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती में 2-5 मई तक आयोजित है।
बास्केटबॉल में वाराणसी की टीम 16 अंकों से हारी
फतेहपुर। पीएसी मैदान में शुक्रवार को बास्केटबॉल और हैंडबॉल का फाइनल मैच 12वीं वाहिनी पीएसी फतेहपुर और 36 बटालियन वाराणसी के बीच खेला गया। बास्केटबाल का मैच फतेहपुर की टीम 16 अंकों से विजयी रही। 12वीं वाहिनी पीएसी फतेहपुर में 29वीं अंतर वाहिनी पीएसी पूर्वी जोन की हैंडबॉल क्लस्टर (हैंडबॉल और बास्केटबॉल) प्रतियोगिता-2025 के दूसरे दिन दो मैच खेले गए। पहले बास्केटबॉल के फाइनल मैच में फतेहपुर और वाराणसी की 36 बटालियन के बीच हुआ। इसमें कड़ी टक्कर में फतेहपुर ने 50 अंक प्राप्त किए।
प्रमाण पत्र लेते हुए शीतल वर्मा।
- फोटो : अमर उजाला
योगासन में शीतल वर्मा ने जीता स्वर्ण
जिला योगासन संघ की ओर से आयोजित योगासन प्रतियोगिता में शारीरिक शिक्षक शीतल वर्मा ने स्वर्ण पदक जीता है। बताया कि वह राजकीय हाई स्कूल बढैनी कला में शारीरिक शिक्षिका पद पर कार्यरत है। उनकी जीत पर विनोद सिंह, डॉ जीतेंद्र, डॉ जगजीत सिंह, मधु यादव, ममता दुबे ने बधाई दी है। संवाद
मासिक ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर 15 से
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद बीएचयू ने ग्रीष्मकालीन खेल शिविर की तिथि शुक्रवार को घोषित कर दिया। बीएचयू के अलग-अलग खेल मैदान और स्वीमिंग पूल में 15 मई से 15 जून तक खेल शिविर आयोजित होंगे। शिविर में युवा खिलाड़ियों को अलग-अलग खेलों के कोच प्रशिक्षण देंगे।
विवि क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. बीसी कापरी ने बताया कि खेलों के लिए शुल्क देना होगा। हॉकी, भारोत्तोलन और वॉलीबॉल के लिए 500 रुपये, जबकि बास्केटबॉल, बैडमिंटन, कुश्ती, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, एथलेटिक्स के लिए प्रति खिलाड़ी 1000 रुपये देने होंगे। तैराकी के लिए 2500 शुल्क और 50-50 रुपये फाॅर्म, आई कार्ड के लिए देने होंगे।
खो-खो में काशी के 10 खिलाड़ी दिखाएंगे दम
खेलो इंडिया यूथ गेम्स बिहार, गया में होने वाली खो-खो प्रतियोगिता में जिले के 10 खिलाड़ी यूपी टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनका चयन लखनऊ के गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में 25 अप्रैल को ट्रायल में हुआ। जिला खोखो संघ की सचिव सुधारानी तिवारी बताया कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स में खो-खो प्रतियोगिता 5 से 9 मई तक होगी।
महिला वर्ग की में सुमन पटेल, राधा पटेल, संध्या कुमारी, पायल पटेल, कोमल और अर्पिता यादव नाम शामिल हैं। वहीं, पुरुष वर्ग में अनुराग, विशाल कुमार, अरुण कुमार पाल और रोहित ने टीम में जगह बनाई। प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों के चयन पर प्रसन्नता जताई। उच्च प्राथमिक विद्यालय प्रयागपुर के कोच सुभाष सिंह, खेल शिक्षक राकेश पाल, सरदार पटेल इंटर कॉलेज बढ़ैनी के प्रधानाचार्य प्रदीप वर्मा ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
एशियन यूथ नेटबॉल : भारतीय टीम में खेलेंगी काशी की तृषा
एशियन यूथ नेटबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम घोषित कर दी गई है। भारतीय टीम में वाराणसी की नेटबॉल खिलाड़ी तृषा बोस का चयन हुआ है। वह 27 जून से 4 जुलाई तक दक्षिण कोरिया के जॉन्जू शहर में आयाेजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलेंगी।
वाराणसी नेटबॉल संघ के सचिव रणविजय सिंह ने बताया कि तृषा तीन नेशनल और 13 प्रादेशिक मुकाबले खेल चुकी है। इसमें दो नेशनल में पदक जबकि सात प्रादेशिक प्रतियोगिता में पदक हासिल कर चुकी है। भारतीय बालिका टीम का चयन ट्रायल पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ में हुआ। वाराणसी नेटबॉल खेल संघ के अध्यक्ष डॉ. निशांत सिंह बताया कि वाराणसी के कमच्छा निवासी तृषा बोस बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारतीय नेटबॉल टीम में जगह बनाने में कामयाब हुईं।
तृषा बोस 5 मई से 24 जून तक प्रस्तावित भारतीय नेटबॉल टीम के शिविर में हिस्सा लेंगी। इसके बाद भारतीय टीम के साथ दक्षिण कोरिया के लिए रवाना होगी। तृषा अबतक कुल 16 राष्ट्रीय और प्रादेशिक मुकाबले खेल चुकी हैं। गोल शूटर तृषा लेफ्ट साइड की आक्रामक खिलाड़ी हंै। वह हर रोज चार घंटे अभ्यास करती हैं।
लेफ्ट साइड की आक्रामक खिलाड़ी हैं तृषा
गुरुनानक खालसा में वार्षिक खेलों की एथलेटिक्स स्पर्धा में तृषा सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुनी गईं। तत्कालीन कोच रणवीजिय यादव ने बताया कि उसके एग्रेशन को देखते हुए उसका चयन नेटबॉल टीम में हुआ। इसके बाद तृषा लगातार स्कूली खेलों के अलावा ओपन और राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को लगातार तीन वर्ष तक पदक जिताने में कामयाब रहीं। वह लेफ्ट साइड की आक्रामक खिलाड़ी हैं। तृषा गोल शूटर पोजीशन और गोल अटैकर पोजीशन से खेलती हैं। उन्हें डी एरिया से गोल करने में महारत हासिल है।
काशी की खुशी मलयेशिया में खेलेंगी कराटे
21वीं अंतरराष्ट्रीय ओपन कराटे प्रतियोगिता मलयेशिया में खेली जाएगी। इसमें वाराणसी की श्रीरामपुर निवासी खुशी सिंह खेलेंगी। खुशी सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता के लिए प्रतिदिन चार घंटे अभ्यास कर रही हैं। 5 मई को मलयेशिया रवाना होंगी। खुशी ने 18 अप्रैल में जयपुर में खेली गई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। अब खुशी का चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।