स्थानीय स्टार और पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैलिचरण नरजारी के शानदार प्रदर्शन के दम पर बोडोलैंड एफसी ने 135वें डूरंड कप के ग्रुप एफ के अपने आखिरी मुकाबले में कार्बी आंगलोंग मॉर्निंग स्टार एफसी को 6-0 से करारी शिकस्त दी। नरजारी ने अकेले चार गोल किए और दो गोल में असिस्ट दिया। हालांकि, बड़ी जीत के बावजूद बोडोलैंड एफसी नॉकआउट चरण में जगह बनाने से चूक गया।
इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बोडोलैंड ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। टीम को पहला गोल पेनल्टी के जरिए मिला। सिद्धार्थ खिची को बॉक्स के अंदर गिराए जाने के बाद मिली पेनल्टी पर नरजारी ने कोई गलती नहीं की और बोडोलैंड को बढ़त दिला दी।
पहले हाफ में नरजारी का दूसरा गोल
नरजारी ने इसके बाद भी कार्बी आंगलोंग की रक्षापंक्ति को लगातार परेशान किया। हाफ टाइम से ठीक पहले रॉबिन्सन रेंडन के शानदार पास पर नरजारी ने डिफेंस को छकाते हुए बॉक्स में प्रवेश किया और निचले कोने में शानदार शॉट लगाकर अपना दूसरा गोल कर दिया। बोडोलैंड ने पहले हाफ की समाप्ति तक 2-0 की बढ़त बना ली। दूसरी ओर, कार्बी आंगलोंग को पेनल्टी के जरिए वापसी का मौका मिला, लेकिन बोडोलैंड के गोलकीपर बिरखांग डैमरी ने शानदार बचाव करते हुए जूनियर ओंगुएने नकेन्गुए की पेनल्टी रोक दी। उन्होंने रिबाउंड पर भी बेहतरीन बचाव किया।
दूसरे हाफ में भी जारी रहा गोल का सिलसिला
दूसरे हाफ में बोडोलैंड ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा। छह मिनट बाद कौशिक डैमरी ने दो डिफेंडरों को छकाकर बॉक्स के बाहर से बाएं पैर से शानदार शॉट लगाते हुए टीम को 3-0 से आगे कर दिया। इसके बाद मुकाबले में एक बार फिर नरजारी का जलवा देखने को मिला। मैच खत्म होने से छह मिनट पहले कौशिक डैमरी के सटीक क्रॉस पर नरजारी ने गेंद को नियंत्रित किया और गोलकीपर के ऊपर से गेंद को उठाकर अपना हैट्रिक पूरा किया।
दो और गोल में योगदान, चार गोल के साथ खत्म किया मैच
हैट्रिक के कुछ ही मिनट बाद नरजारी ने गोल करने के बजाय गोल कराने की भूमिका निभाई। उन्होंने दाएं फ्लैंक से लो क्रॉस दिया, जिसे स्थानापन्न खिलाड़ी ग्वग्वमसर गायरी ने नजदीक से गोल में बदल दिया। मैच के अंतिम क्षणों में नरजारी ने एक बार फिर कार्बी आंगलोंग की डिफेंस लाइन को तोड़ा और गोलकीपर को छकाते हुए अपना चौथा गोल पूरा किया। इस तरह बोडोलैंड एफसी ने 6-0 से शानदार जीत दर्ज की और नरजारी ने मैच में चार गोल और दो असिस्ट के साथ टीम के सभी छह गोलों में योगदान दिया।
बड़ी जीत के बावजूद नॉकआउट से बाहर
बोडोलैंड एफसी ने तीन मैचों में छह अंक हासिल किए, लेकिन इसके बावजूद टीम क्वार्टर फाइनल में जगह नहीं बना सकी। ग्रुप चरण में छह अंक हासिल करने वाली ईस्ट बंगाल एफसी और जमशेदपुर एफसी का गोल अंतर बोडोलैंड से बेहतर रहा, जिसके कारण वे सर्वश्रेष्ठ दूसरे स्थान वाली टीमों में जगह बनाने में सफल रहे। वहीं, कार्बी आंगलोंग मॉर्निंग स्टार एफसी का अभियान लगातार दूसरे सत्र में बिना किसी अंक के समाप्त हुआ।