गुजरात लॉयंस की पहली पसंद बन गया है कानपुर का ग्रीनपार्क स्टेडियम
यूपी के क्रिकेट प्रेमियों के लिए खुशखबरी है। इस बार आईपीएल सीजन-10 में ग्रीनपार्क स्टेडियम, कानपुर में तीन मैच खेले जाएंगे। इस बात की पुष्टि आईपीएल कमिश्नर राजीव शुक्ला ने की है। उन्होंने बताया कि गुजरात लायंस ने तीन मैचों को कराने के लिए अपनी रजामंदी दी है। इसके अलावा नीता अंबानी और प्रीति जिंटा ने भी ग्रीनपार्क में मैच की मांग की है।
साल 2016 में ग्रीनपार्क स्टेडियम में पहली बार दो आईपीएल मैचों का सफल आयोजन हुआ था। एक मैच गुजरात लायंस व कोलकाता नाइटराइडर्स और दूसरा गुजरात लायंस व मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया था। दोनों ही मैचों में गुजरात लायंस ने जीत दर्ज की थी। तभी तय हो गया था कि गुजरात लायंस वर्ष 2017 में भी अपने मैचों के लिए ग्रीनपार्क को पसंद करेगा।
आईपीएल कमिश्नर राजीव शुक्ला ने बताया कि ग्रीनपार्क स्टेडियम में तीन से अधिक आईपीएल मैचों का आयोजन नहीं हो सकता। इसका कारण पिच की उपयोगिता है। इसीलिए वर्ष 2017 में यहां तीन मैच कराए जाएंगे। प्राथमिकता में गुजरात लायंस को रखा जाएगा। यदि तीन मैच होंगे तो गुजरात लायंस के ही होंगे।
26 जनवरी को टी-20 मैच शाम 4:30 बजे से
भारत और इंग्लैंड के बीच 26 जनवरी को ग्रीनपार्क स्टेडियम में होने वाला टी-20 मैच शाम 4:30 बजे से खेला जाएगा। आमतौर पर टी-20 मैच शाम छह बजे से रात 10 बजे तक चलता है लेकिन कोहरे और नमी को देखते हुए समय में बदलाव किया गया है। बता दें अमर उजाला ने सात दिसंबर के अंक में ही मैच का समय बदलने की संभावना जताई थी। आईपीएल कमिश्नर और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव राजीव शुक्ला ने बताया कि मौसम को देखते हुए उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से समय बदलने का आग्रह किया था। इसे बीसीसीआई ने स्वीकार कर लिया है। मैच डे-नाइट होगा। रात करीब नौ बजे तक चलेगा। उन्होंने कहा कि मैच के लिए ग्रीनपार्क स्टेडियम पूरी तरह से तैयार है। छोटे मोटे कुछ काम बाकी हैं, जो मैच से पहले ही पूरे कर लिए जाएंगे।