भारत के मानवजीत सिंह संधू ने कहा कि हाल में आईएसएसएफ विश्व कप में स्वर्ण पदक जीतने से दिखता है कि वह इस महत्वपूर्ण वर्ष में सही दिखा में आगे बढ़ रहे हैं, जिसमें कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स आयोजित होंगे। संधू की निगाहें इस साल ओलंपिक कोटा हासिल करने पर लगी हैं।
उन्होंने अमेरिका के आईएसएसएफ शॉटगन विश्व कप में दो बार के ओलंपिक चैंपियन निशानेबाज माइकल डायमंड को पछाड़कर पुरुष ट्रैप स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपनी झोली में डाला।
उन्होंने कहा, ‘इस जीत से पुष्टि होती है कि मेरी ट्रेनिंग सही चल रही है। मेरी तकनीक और उपकरण सही काम कर रहे हैं। इसलिए मुझे अपने प्रयासों को बढ़ाकर इसी राह पर बरकरार रहने की जरूरत है।’
राजीव गांधी खेल रत्न प्राप्त कर चुके इस 37 वर्षीय निशानेबाज ने अपने खेल में कुछ बदलाव किए हैं। उन्होंने कहा कि विश्व कप के इस स्वर्ण पदक से इस महत्वपूर्ण साल में उनके प्रयासों को सही साबित कर दिया है।