ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता सारा इरानी और जैस्मीन पाओलिनी की इटली की जोड़ी ने पहली बार फ्रेंच ओपन महिला युगल खिताब जीता तो वहीं पुरुष युगल में मार्सेल ग्रानोलर्स और होरासियो जेबालोस की जोड़ी उम्र को धता बताते हुए चैंपियन बनी। पिछले साल की उपविजेता रही दूसरी वरीयता प्राप्त इरानी और पाओलिनी ने रविवार को अन्ना डैनिलिना और अलेक्जेंड्रा क्रुनिक को 6-4, 2-6, 6-1 से हराया।
इटली की इस जोड़ी ने पिछले साल इसी स्थल पर ओलंपिक का स्वर्ण पदक जीता था। यह इरानी का महिला युगल में छठा ग्रैंड स्लैम जबकि दूसरा फ्रेंच ओपन खिताब है। इस 38 वर्षीय खिलाड़ी ने इससे पहले रॉबर्टा विंची के साथ एक बेहद सफल जोड़ी बनाकर अमेरिकी ओपन, विंबलडन और ऑस्ट्रेलियन ओपन में खिताबी जीत दर्ज की थी। इरानी के लिए यह फ्रेंच ओपन में इस साल का दूसरा खिताब है। उन्होंने इससे पहले एन्द्रा वावसोरी के साथ मिश्रित युगल खिताब भी जीता है। पाओलिनी एकल वर्ग की शानदार खिलाड़ी हैं। वह पिछले साल इस क्ले-कोर्ट ग्रैंड स्लैम में उपविजेता रहीं थी।