वहीं, चौथी वरीयता प्राप्त ग्रीस के सितसिपास को डेनमार्क के 19 साल के होल्गर रुने ने हराया। होल्गर पहली बार ग्रैंडस्लैम के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे हैं। होल्गर की वर्ल्ड रैंकिंग 40 है। उन्होंने सितसिपास को 7-5, 3-6, 6-3, 6-4 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाया।
होल्गर फ्रेंच ओपन से पहले ग्रैंड स्लैम में एक भी मैच नहीं जीते थे। हालांकि, इस टूर्नामेंट में उन्होंने गजब का प्रदर्शन किया है और क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है। होल्गर का सामना अब आठवीं वरीयता प्राप्त नॉर्वे के कैस्पर रूड से होगा।
सितसिपास और होल्गर
कार्लोस अल्कारेज क्वार्टर फाइनल में पहुंचे
इससे पहले टेनिस के 19 साल के नए सितारे स्पेन के कार्लोस अल्कारेज ने रूस के कारेन खाचानोव के खिलाफ जीत के साथ पहली बार फ्रेंच ओपन के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। छठी वरियता प्राप्त स्पेन के कार्लोस अल्कारेज भी क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुके हैं। उन्होंने चौथे राउंड में 21वीं वरीयता प्राप्त 26 साल के खाचानोव को 6-1, 6-4, 6-4 से हराया। अब उनकी टक्कर जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव से होगी।
अलकराज पहली बार फ्रेंच ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे हैं। वहीं 1994 के बाद फ्रेंच ओपन में पहला मौका है, जब अंतिम 8 में दो युवा खिलाड़ियों ने अपनी जगह बनाई है। अल्कारेज 29 साल में लगातार दो ग्रैंडस्लैम के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं। ज्वेरेव ने क्वालिफायर बर्नाबे जपाटा मिरालेस को 7-6, 7-5, 6-3 से हराया। अल्कारेज ने इसी महीने मैड्रिड मास्टर्स में ज्वेरेव को हराया था।
अल्कारेज
अगर अल्कारेज सेमीफाइनल में पहुंचते हैं तो उनकी टक्कर जोकोविच और राफेल नडाल के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा। दुनिया के नंबर एक सर्बिया के नोवाक जोकोविच और 13 बार के विजेता स्पेन के राफेल नडाल ने भी अंतिम आठ में प्रवेश कर लिया है। जोकोविच और नडाल अंतिम-आठ में आमने-सामने होंगे।