भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के पूर्व महासचिव राजीव मेहता पांच दिसंबर को होने वाले अध्यक्ष पद के चुनाव में उतरने की तैयारी में हैं और पूर्व खेल प्रशासक सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। मेहता के करीबी एक सूत्र ने रविवार को बताया कि उन्होंने शीर्ष पद के लिए चुनाव लड़ने का फैसला लगभग कर लिया है। मेहता 2014 से 2022 तक आईओए के महासचिव रहे थे। वह फिलहाल भारतीय तलवारबाजी संघ और एशियाई तलवारबाजी परिसंघ दोनों के महासचिव हैं।
पहले दिन किसी ने नहीं भरा नामांकन
सूत्र ने कहा, 'राजीव के सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करने की संभावना है। वह निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव के साथ ही ओलंपिक चार्टर के तहत आईओए की स्वायत्तता का सम्मान किए जाने की उम्मीद कर रहे हैं।' इस बीच, आईओए के उपाध्यक्ष और ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग को अध्यक्ष पद की दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है। नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन रविवार को आईओए के निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव को कोई नामांकन पत्र नहीं मिला।
श्रीवास्तव ने एक अधिसूचना में कहा कि आईओए की 2026 की कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्षों, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और अन्य कार्यकारी परिषद सदस्यों के पदों के लिए आज कोई नामांकन पत्र प्राप्त नहीं हुआ। विभिन्न पदों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम समयसीमा मंगलवार शाम साढ़े चार बजे तक है। आईओए के निर्वाचक मंडल में 71 सदस्य होंगे। इनमें 30 राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) के 60 प्रतिनिधि, खेल उपलब्धि के आधार पर चुने गए आठ खिलाड़ी (एसओएम), एथलीट आयोग के दो सदस्य (मीराबाई चानू और साजन प्रकाश) तथा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) की भारत की सदस्य नीता अंबानी शामिल हैं।
निर्वाचित आठ एसओएम में गगन नारंग, योगेश्वर दत्त, विजेंदर सिंह, कमलेश मेहता, अंजू बॉबी जॉर्ज, रानी रामपाल, डोला बनर्जी और साइना नेहवाल शामिल हैं। चानू, साजन और नीता पांच दिसंबर को होने वाले कार्यकारी परिषद के चुनाव में मतदान कर सकेंगे, लेकिन चुनाव नहीं लड़ सकते। शेष 68 सदस्य मतदान करने के साथ चुनाव भी लड़ सकते हैं।
इन पदों पर होंगे चुनाव
अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष (एक पुरुष और एक महिला), कोषाध्यक्ष, दो संयुक्त सचिव (एक पुरुष और एक महिला) तथा कार्यकारी परिषद के छह अन्य सदस्यों के पदों के लिए चुनाव होंगे। इन छह सदस्यों में से दो (एक पुरुष और एक महिला) का चुनाव आठ एसओएम में से किया जाएगा। एथलीट आयोग की अध्यक्ष पीवी सिंधू और उपाध्यक्ष हरमनप्रीत सिंह भी कार्यकारी परिषद में शामिल होंगे। इसके बाद भारत में आईओसी सदस्य को पदेन सदस्य मानते हुए परिषद में कुल 16 सदस्य हो जाएंगे।
अध्यक्ष या कोषाध्यक्ष पद का उम्मीदवार या तो एसओएम होना चाहिए या महासभा का ऐसा सदस्य होना चाहिए, जिसने आईओए की कार्यकारी परिषद के सदस्य के रूप में कम से कम एक पूरा कार्यकाल बिताया हो या आईओए से संबद्ध किसी इकाई का अध्यक्ष, सचिव अथवा कोषाध्यक्ष रहा हो। उम्मीदवार 22 से 24 नवंबर तक आईओए भवन में व्यक्तिगत रूप से अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। प्रत्येक नामांकन पत्र पर अंतिम मतदाता सूची में शामिल दो अलग-अलग सदस्यों के प्रस्तावक और समर्थक के रूप में हस्ताक्षर होने चाहिए।
कब होगा चुनाव?
नामांकन की प्रारंभिक सूची 24 नवंबर को जारी की जाएगी। जांच और आपत्तियों पर विचार के बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची एक दिसंबर को जारी होगी। उम्मीदवार दो दिसंबर को अपना नाम वापस ले सकेंगे, जबकि चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची तीन दिसंबर को प्रकाशित की जाएगी। मतदान, मतगणना और परिणामों की घोषणा पांच दिसंबर को होगी।