नेमार के बिना खेलने उतरे मौजूदा फ्रेंच लीग वन चैंपियन पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) को सत्र के दूसरे मैच में बढ़त बनाने के बावजूद रेनेस के हाथों 2-1 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। यह लगातार दूसरा मैच है जब ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार मैदान में नहीं उतरे।
नेमार के क्लब का साथ छोड़ने की चर्चा है। मीडिया रिपोर्टो के अनुसार उनका पुराना क्लब बार्सिलोना और रियल मैड्रिड उन्हें अपने-अपने साथ जोड़ने के लिए पीएसजी से बात कर रहे हैं। नेमार ने 2017 में ही बार्सिलोना को छोड़कर पीएसजी का दामन थामा था। तब वह दुनिया के सबसे महंगे फुटबॉलर बने थे।
कवानी ने दिलाई पीएसजी को बढ़त : एडिसन कवानी ने खेल के 36वें मिनट में ही गोल कर पीएसजी को बढ़त दिला दी थी। हालांकि उसकी यह बढ़त सिर्फ आठ मिनट ही रह पाई। रेनेस ने चार मिनट के भीतर दो गोल कर पीएसजी पर अप्रत्याशित जीत दर्ज की। यह रेनेस की लगातार दूसरी जीत है। रेनेस के लिए निआग (44वें मिनट) और रोमिन डेल कैसटिलो (48वें मिनट) ने गोल किए।
मोरता के गोल से जीता एटलेटिको
अल्वारो मोरता के एकमात्र गोल से एटलेटिको मैड्रिड ने ला लीगा में गेटाफे को 1-0 से मात देकर सत्र का जीत के साथ आगाज किया। मोरता ने मैच का एकमात्र गोल खेल के 24वें मिनट में दागा। इसके बाद कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी।