अमेरिका ने रविवार को रिकॉर्ड चौथी बार महिला विश्व कप फुटबॉल का खिताब जीत लिया। रिकॉर्ड पांचवीं बार फाइनल खेलने वाली गत चैंपियन अमेरिका ने पहली बार खिताबी मुकाबला खेलने वाले नीदरलैंड को एकतरफा मुकाबले में 2-0 से पराजित किया। पहला हाफ गोल रहित रहने के बाद अमेरिका ने दूसरे हाफ में आठ मिनट के भीतर दो गोल कर ट्रॉफी पर कब्जा किया। कप्तान मेगन रैपिनो ने 61वें और रोज लावेले ने 69वें मिनट में गोल किए। अमेरिका लगातार दूसरी बार यह खिताब जीतने वाली जर्मनी (2003-2007) के बाद दूसरी टीम बनी। अमेरिकी कप्तान मेगन रैपिनो लगातार तीन विश्व कप फाइनल खेलने वाली पहली खिलाड़ी हैं।