भारतीय फुटबाल कप्तान सुनील छेत्री को कोलकाता खेल पत्रकार क्लब ने वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना है। छेत्री ने एक बयान में कहा, 'सम्मान हमेशा अच्छा लगता है लेकिन खेल पत्रकारों द्वारा चुने जाने से यह और खास हो गया है।'
छेत्री ने कहा, 'यह कोलकाता से मिला सम्मान है तो और खास है क्योंकि मैं यहां तीन क्लबों के लिए खेल चुका हूं। मेरा इस शहर से नाता जुड़ गया है।' छेत्री इस समय स्पेन में बेंगलूरू एफसी के सत्र से पूर्व अभ्यास शिविर में भाग ले रहे हैं । उन्हें 16 अगस्त को क्लब के सालाना कार्यक्रम में पुरस्कार दिया जाएगा।
पूर्व डेविस कप कोच अख्तर अली, भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज अरूण लाल और 1962 एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता फुटबाल टीम के सदस्य अरूण घोष को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ जूनियर खिलाड़ी का पुरस्कार क्रिकेटर ईशान पोरेल को दिया जाएगा।