आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स की फ्रेंचाइजी खरीदने के बाद हिंदी सिनेमा के 'किंग खान' शाहरुख अब फुटबॉल के मैदान में कारोबारी गोल लगाने की कोशिश करेंगे।
उन्होंने ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (एआईएफएफ) और आईएमजी-रिलायंस के आयोजन में होने वाली फुटबॉल लीग में भी एक फ्रेंचाइजी टीम खरीदने का मन बनाया है।
बड़ी बात यह है कि फुटबॉल लीग में भी वह कोलकाता की ही फ्रेंचाइजी खरीदने की योजना बना रहे हैं।
आईपीएल की तरह फुटबॉल लीग भी धूमधड़ाके को तैयार
एक निजी टीवी चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा, 'पहले मैं गोवा की क्लब डेंपो की हिस्सेदारी खरीदने का मन बना रहा था लेकिन अब फ्रेंचाइजी आधारित फुटबॉल लीग ने मेरा मन बदल दिया है। मैं इसे जरूर देखूंगा।'
आईएमजी रिलायंस लीग की शुरुआत 18 जनवरी से हो रही है और यह 30 मार्च तक चलेगी। आठ फ्रेंचाइजी वाली इस लीग में कुल 176 खिलाड़ी होंगे, जिनमें 72 विदेशी फुटबॉलर होंगे।
लीग में जिन आठ फ्रेंचाइजी को इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा उनमें पुणे, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, कोच्चि, गोवा, दिल्ली और बैंगलोर शामिल हैं। इसके अलावा गुवाहाटी और हैदराबाद को अतिरिक्त शहरों की श्रेणी में रखा गया है।