मैनचेस्टर सिटी के मिडफील्डर और स्पेन के स्टार खिलाड़ी डेविड सिल्वा ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी है। सिल्वा ने इस बात की पुष्टि अपने ट्विटर अकाउंट पर की। सिल्वा, स्पेन की 2010 वर्ल्ड कप विनिंग स्क्वॉड के अहम सदस्य थे। उन्होंने ला रोहा के साथ 2008 और 2012 में यूरो चैंपियनशिप भी जीती थी।
स्पेन के लिए अपने 12 सालों के करियर में मिडफील्ड मैजिशियन ने 125 मुकाबले खेले। सिल्वा ने लिखा, 'मैं खुशी-खुशी अपनी ड्यूटी छोड़ रहा हूं। मैंने स्पेन के साथ काफी कुछ हासिल किया है। मैं एक ऐसी टीम का हिस्सा रहा जिसे फुटबॉल जगत में सदा के लिए याद रखा जाएगा।
अब मैं इस एरा का अंत करने जा रहा हूं जिसके कई पल मेरे जेहन में हमेशा रहेंगे- लुइस अरागोन्स जैसा शख्स, जिन्हें मैं कभी नहीं भूलूंगा।'
सिल्वा ने स्पेन के लिए अपना आखिरी मैच वर्ल्ड कप 2018 में रूस के खिलाफ लास्ट-16 राउंड में खेला। इसके पहले सिल्वा के साथी और वर्ल्ड कप विजेता आंद्रेस इनिएस्ता और जेरार्ड पीके ने भी वर्ल्ड कप के बाद नेशनल टीम को अलविदा कहा था।