फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

FIFA World Cup: फाइनल से पहले क्यों टीम से अलग ट्रेनिंग करते नजर आए लामिन यमाल? फिटनेस को लेकर आया अपडेट

Sat, 18 Jul 2026 12:02 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, न्यू जर्सी

सार

फीफा विश्व कप के फाइनल से पहले स्पेन ने लामिन यमाल की फिटनेस चिंताओं को पूरी तरह नकार दिया है। स्पेन ने यमाल को अलग से ट्रेनिंग कराने के फैसले का भी बचाव किया है। ऐसी रिपोर्ट आई थी कि यमाल चोटिल हैं, लेकिन स्पेन के कोच का कहना है कि टीम उनके वर्कलोड पर ध्यान दे रही है।
विज्ञापन
यमाल - फोटो : FIFA.COM/AP
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अर्जेंटीना के खिलाफ होने वाले 2026 फीफा विश्व कप फाइनल से पहले स्पेन ने अपने स्टार युवा खिलाड़ी लामिन यमाल की फिटनेस को लेकर उठ रही चिंताओं को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। न्यू जर्सी में टीम के पहले ट्रेनिंग सेशन के दौरान 19 वर्षीय यमाल को मुख्य टीम से अलग अभ्यास करते देखा गया था। इंटरनेट पर उनकी कुछ तस्वीरें वायरल हुईं, जिसमें उनके बाएं पैर की जांघ पर पट्टी बंधी नजर आ रही थी, जिसके बाद उनके फाइनल में खेलने को लेकर सस्पेंस बन गया था।
विज्ञापन

चोट नहीं, वर्कलोड मैनेजमेंट है वजह
रॉयल स्पैनिश फुटबॉल फेडरेशन और मुख्य कोच लुइस दे ला फुएंते ने किसी भी गंभीर समस्या की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है। स्पेनिश टीम प्रबंधन का कहना है कि चिंता की कोई बात नहीं है। यमाल और प्रेड्रो पोरो चोटिल नहीं हैं, बल्कि योजना के तहत उनके वर्कलोड मैनेजमेंट के लिए उन्हें अलग से व्यक्तिगत ट्रेनिंग प्रोग्राम कराया गया था।

महासंघ ने स्थिति साफ करते हुए कहा, 'दोनों खिलाड़ियों के रविवार को होने वाले मैच के लिए उपलब्ध रहने की उम्मीद है। फाइनल की तैयारियों के बीच यह अलग सेशन पूरी तरह से एहतियात के तौर पर रखा गया था।' स्पेनिश मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, टीम को पूरा भरोसा है कि ये दोनों खिलाड़ी गत चैंपियन अर्जेंटीना के खिलाफ मैदान पर उतरने के लिए पूरी तरह फिट होंगे।

खिलाड़ियों की स्थिति पर कोच का बयान
फ्रांस के खिलाफ सेमीफाइनल में मिली 2-0 की जीत के दौरान प्रेड्रो पोरो को हल्की चोट लगी थी, जिसके बाद वह मांसपेशियों में खिंचाव से जूझ रहे थे। कोच दे ला फुएंते ने मैच के बाद पुष्टि की थी कि डिफेंडर मांसपेशियों की इसी परेशानी को मैनेज कर रहे थे। वहीं, यमाल की स्थिति को लेकर चिंता बेहद कम है। सेमीफाइनल में फ्रांस के खिलाफ कई कड़े टैकल का सामना करने के बावजूद कोच दे ला फुएंते ने कहा, उन्हें कुछ नहीं हुआ है।
विज्ञापन

टूर्नामेंट में यमाल का कैसा रहा सफर
यमाल को लेकर स्पेन की यह सावधानी उनके व्यस्त शेड्यूल और टूर्नामेंट के भारी दबाव को देखते हुए है। एफसी बार्सिलोना के साथ सीजन के आखिरी दौर में हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण यमाल पूरी तरह फिट नहीं थे। यही वजह थी कि केप वर्डे के खिलाफ स्पेन के शुरुआती ग्रुप-स्टेज मैच में वह बेंच पर बैठे थे और बाद में धीरे-धीरे शुरुआती एकादश में लौटे। भले ही यमाल ने इस टूर्नामेंट में अब तक केवल एक गोल (सऊदी अरब के खिलाफ) किया हो, लेकिन मैदान पर उनका प्रभाव गोल से कहीं बढ़कर रहा है। स्पेन को फाइनल तक पहुंचाने में इस युवा विंगर ने बेहद अहम भूमिका निभाई है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें