फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Argentina Vs Spain: यमाल के साथ 2007 की अपनी तस्वीर पर क्या बोले मेसी? युवा खिलाड़ी के भविष्य को लेकर रखी राय

Sat, 18 Jul 2026 10:39 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, न्यू जर्सी

सार

अर्जेंटीना और स्पेन के बीच फीफा विश्व कप फाइनल से पहले लियोनल मेसी ने लासिन यमाल के साथ अपनी पुरानी तस्वीर पर बात की है। मेसी ने उस पल को याद किया जब उन्होंने छोटे यमाल को गोद में उठाया था।
विज्ञापन
मेसी और यमाल - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फीफा विश्व कप के फाइनल में अर्जेंटीना का सामना स्पेन से होगा। इस खिताबी मैच में एक तरफ लियोनल मेसी होंगे तो वहीं दूसरी तरफ स्पेन के युवा खिलाड़ी लामिन यमाल नजर आएंगे। दोनों के बीच उम्र का लगभग दो दशक का अंतर है, लेकिन इन्हें जोड़ती है 19 साल पुरानी एक तस्वीर, जिसने आज पूरी दुनिया को भावुक कर दिया है। फाइनल से पहले मेसी और यमाल की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई जिसे लेकर अब अर्जेंटीना के कप्तान ने चुप्पी तोड़ी 
विज्ञापन

जब मेसी ने गोद में उठाया था पांच महीने का यमाल
यह कहानी दिसंबर 2007 से शुरू होती है। तब लियोनल मेसी 20 साल के थे और स्पैनिश क्लब बार्सिलोना के लिए खेल रहे थे। तब दुनिया उन्हें एक उभरते सितारे के रूप में जानने लगी थी। स्पैनिश अखबार डियारियो स्पोर्ट और यूनिसेफ के एक चैरिटी कैलेंडर फोटोशूट के लिए मेसी को एक स्थानीय परिवार के पांच महीने के बच्चे के साथ तस्वीरें खिंचवानी थीं। वह बच्चा था, लामिन यमाल।

फोटोग्राफर जोआन मोनफोर्ट ने एक नीले प्लास्टिक के टब में बैठे यमाल के साथ मेसी की कई तस्वीरें लीं। उस समय मेसी काफी शर्मीले थे और उन्हें यह भी समझ नहीं आ रहा था कि इतने छोटे बच्चे को कैसे संभालें। दूसरी ओर मासूम यमाल इस बात से पूरी तरह अनजान थे कि उन्हें गोद में लेने वाला शख्स आगे चलकर फुटबॉल इतिहास का सबसे महान खिलाड़ी कहलाएगा। उस दिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह तस्वीर एक दिन विश्व कप फाइनल की प्रोमोशनल तस्वीर बन जाएगी। 

मेसी ने यमाल को दी शुभकामनाएं 
फाइनल से पहले मेसी से यमाल के साथ उनकी 2007 की तस्वीर के बारे में पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा, सच कहूं तो हमारी वह तस्वीर वाकई हैरान करने वाली है क्योंकि यही तो जिंदगी है। मैं उस तस्वीर में उनके साथ था जब वह एक बच्चे थे और आज हम दोनों यहां फीफा विश्व कप फाइनल में खेलने जा रहे हैं। यमाल अभी दुनिया के सबसे अच्छे खिलाड़ियों में से एक हैं, इसलिए मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। वह अभी सिर्फ 19 साल के हैं और उनका पूरा भविष्य उनके सामने है। वह तस्वीर वाकई कमाल की थी। उसमें वह एक बच्चे के तौर पर दिख रहे हैं और अब हम एक-दूसरे के आमने-सामने हैं। क्या जबरदस्त तस्वीर है। मैं बस उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।
विज्ञापन

19 साल बाद किस्मत ने फिर कराया आमना-सामना
  • फुटबॉल में अक्सर महान खिलाड़ी एक-दूसरे के दौर से थोड़ा पहले या बाद में आते हैं। पेले और माराडोना कभी आमने-सामने नहीं खेले। माराडोना और मेसी भी किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में नहीं भिड़े, लेकिन इस बार किस्मत ने अलग कहानी लिखी है। 
  • जिस बच्चे को मेसी ने कभी अपनी गोद में संभाला था, वही अब विश्व कप फाइनल में उनके सामने खड़ा होगा।
  • एक ओर मेसी हैं, जो अपने महान करियर में एक और विश्व कप जोड़ना चाहते हैं। दूसरी ओर यमाल हैं, जो अपने करियर की शुरुआत में ही दुनिया का सबसे बड़ा फुटबॉल खिताब जीतकर नई पीढ़ी के सबसे बड़े सितारे बनने का सपना देख रहे हैं।

जब न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में फाइनल की शुरुआत होगी, तब मैदान पर भावनाओं की जगह सिर्फ फुटबॉल होगी, लेकिन अंतिम नतीजा चाहे जो भी निकले, 19 साल पहले एक प्लास्टिक के टब में खिंची वह तस्वीर हमेशा याद दिलाती रहेगी कि फुटबॉल सिर्फ खेल नहीं, बल्कि ऐसी कहानियों का नाम है जिन्हें लिखने की ताकत शायद सिर्फ किस्मत के पास होती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें