क्रिकेट में सफल आईपीएल की तर्ज पर भारत में फुटबॉल लीग शुरू होने जा रहा है और इस लीग में दुनिया के कई बड़े सितारे भी दिखेंगे।
मैनचेस्टर युनाइटेड, आर्सेनल, चेल्सी जैसे दिग्गज क्लबों के सुपरस्टार फुटबॉलर थिएरी हेनरी, वाइट यार्की, फ्रेडरिक जंगबर्ग, रॉबर्ट पियर्स, लुइस साहा और हेनॉन क्रेस्पो भारत की सरजमीं पर खेलते नजर आएंगे।
टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी खबर के अनुसार, इंग्लैंड के माइकल ओवेन से भी इस लीग में खेलने को आने के लिए बातचीत जारी है।
आल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (एआईएफएफ) के नेतृत्व में देश की सबसे महंगी फुटबॉल लीग अगले साल जनवरी से भारत में शुरू होने वाली है। सबसे बड़ी बात यह है कि एआईएफएफ के साथ रिलायंस और आईएमली जैसी बड़े ग्रुप भी हैं।
यह देश में अपने तरह का पहला फुटबॉल लीग है। इसे इंडियन सुपर लीग भी कहा जा रहा है। तीन महीने चलने वाले इस टूर्नामेंट में देशभर के कई बड़े खिलाड़ियों के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी चमक बिखेरने वाले स्टार फुटबॉलर शिरकत करेंगे।
आठ टीमों के इस टूर्नामेंट में मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, दिल्ली, गुवाहाटी, बंगलुरू, कोच्चि, गोवा और पुणे को नौ आयोजन स्थल के रूप में चिन्हित किया गया है।