विश्व के सबसे चर्चित फुटबॉल क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड के बॉस सर एलेक्स फरग्युसन 27 साल तक इस क्लब से जुड़े रहने के बाद अब इसे अलविदा कहने जा रहे हैं।
बुधवार को एक बयान जारी करते हुए उन्होंने कहा कि वह अभी चल रहे फुटबॉल सीजन के समाप्त होने के बाद रिटायर हो जाएंगे और पद छोड़ने का यह बिल्कुल सही समय है। 71 वर्षीय फरग्युसन 19 मई को बतौर मैनेजर आखिरी बार वेस्ट ब्रोमविंच एल्बियन के खिलाफ उतरेंगे।
स्कॉटलैंड में जन्में फरग्युसन अपनी मेहनत और काबिलियत के दम पर आज ब्रिटिश फुटबॉल इतिहास के सबसे सफल मैनेजर हैं। नवंबर 1986 में इस क्लब से जुड़ने वाले फरग्युसन का ही कमाल था कि उनकी देखरेख में मैनचेस्टर न सिर्फ दुनिया का सबसे प्रसिद्ध क्लब बना बल्कि उसकी वित्तीय स्थिति भी काफी मजबूत हुई।
फरग्युसन ने मैनचेस्टर को ग्लोबल ब्रांड बनाया और आज पूरी दुनिया में इसके 650 मिलियन प्रशंसक हैं।
फरग्युसन ने इन सालों में टीम को कुल 38 खिताब दिलाए जिसमें हाल ही में प्रीमियर लीग खिताब शामिल है। इन खिताबों में दो चैंपियंस लीग ट्रॉफी, पांच एफए कप और चार लीग कप शामिल हैं। मैनेजर का पद छोड़ने के बाद फरग्युसन मैनचेस्टर के साथ बतौर डाइरेक्टर जुड़े रहेंगे और वह क्लब के ब्रांड एंबेसडर भी होंगे।
कौन लेगा एलेक्स की जगह
सर एलेक्स फरग्युसन के रिटायर होने की घोषणा के बाद अब यह चर्चा जोर पकड़ने लगी है कि मैनचेस्टर युनाइटेड का अगला मैनेजर कौन होगा। हालांकि अभी क्लब ने सर एलेक्स के उत्तराधिकारी की घोषणा नहीं की है लेकिन यूके के बुकमेकरों की मानें को स्कॉटलैंड में जन्में इर्वरटन के मैनेजर डेविड मोयेस मैनचेस्टर की कमान संभालने की दौड़ में सबसे आगे हैं। रीयल मैड्रिड के पुर्तगाली मैनेजर जोंस मोरिन्हो भी इस दौड़ में काफी आगे हैं। इनके अलावा बोरसिया डोर्टमंड के कोच जुएरगन क्लोप और मैनचेस्टर युनाइटेड के पूर्व स्ट्राइकर और वर्तमान में नॉर्वें के क्लब मोल्डे के मैनेजर ओले गुनर सोल्सकेजेएर भी शामिल हैं।