फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Spain vs France: महामुकाबले से पहले जुबानी जंग! स्पेन के यमाल ने एमबाप्पे की टीम को दी चेतावनी; जानें क्या कहा

Sat, 11 Jul 2026 10:58 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, डलास

सार

स्पेन के युवा स्टार लामिन यमाल ने फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल से पहले फ्रांस को चेतावनी देते हुए कहा कि डरने की जरूरत स्पेन को नहीं, बल्कि फ्रांस को है। यमाल ने कहा कि स्पेन पहले भी फ्रांस को बड़े टूर्नामेंट से बाहर कर चुका है और टीम इस बार भी अपने आक्रामक अंदाज में खेलेगी।
विज्ञापन
एमबाप्पे और यमाल - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फीफा विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल से पहले स्पेन के युवा स्टार लामिन यमाल ने फ्रांस को खुली चेतावनी दे दी है। बेल्जियम पर 2-1 की जीत के बाद यमाल ने कहा कि अगर किसी टीम को डरना चाहिए तो वह फ्रांस है, क्योंकि हाल के वर्षों में स्पेन लगातार उसे बड़े टूर्नामेंटों से बाहर करता आया है। 14 जुलाई को डलास में होने वाले इस महामुकाबले से पहले यमाल का यह बयान चर्चा का विषय बन गया है।

विज्ञापन

'फ्रांस नहीं, उन्हें हमसे डरना चाहिए'
बेल्जियम के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में शानदार प्रदर्शन के बाद 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुने गए यमाल ने कहा कि विश्व कप की शुरुआत से ही सभी इस मुकाबले का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा, 'हम बेहद उत्साहित हैं। जब विश्व कप शुरू हुआ था, तब से हम सभी इसी मुकाबले का इंतजार कर रहे थे। मेरा मानना है कि इस टूर्नामेंट की दो सबसे बेहतरीन टीमें आमने-सामने होंगी।' फ्रांस को लेकर उन्होंने बेबाक अंदाज में कहा, 'मेरा मानना है कि अगर फ्रांस को किसी टीम से डरना चाहिए तो वह हम हैं, क्योंकि हम उन्हें पहले भी बाहर कर चुके हैं।'

'हम अपने अंदाज में ही खेलेंगे'
18 वर्षीय बार्सिलोना के विंगर ने साफ किया कि स्पेन अपनी आक्रामक शैली में कोई बदलाव नहीं करेगा। उन्होंने कहा, 'मुझे उम्मीद है कि फ्रांस शुरुआत में हम पर दबाव बनाएगा, लेकिन पूरे मैच में ऐसा नहीं होगा। हम वही खेल खेलेंगे, जो हम सबसे बेहतर जानते हैं।' यमाल ने यूईएफए यूरो 2024 के सेमीफाइनल की भी याद दिलाई, जब स्पेन ने फ्रांस को 2-1 से हराया था। उस मुकाबले में 16 वर्षीय यमाल ने शानदार लंबी दूरी का गोल किया था और बाद में स्पेन ने यूरो कप का खिताब भी जीता था।

'गोल नहीं, टीम की जीत सबसे जरूरी'
विश्व कप 2026 में अब तक सिर्फ एक गोल करने वाले यमाल ने कहा कि व्यक्तिगत उपलब्धियों से ज्यादा टीम की सफलता मायने रखती है। उन्होंने कहा, 'मुझे इससे कोई निराशा नहीं होती। मैंने यूरो कप भी सिर्फ एक गोल करके जीता था। जब तक हमारी टीम आगे बढ़ती रहेगी, मैं खुश रहूंगा। मेरे लिए सबसे अहम टीम की सफलता है।' जब उनसे पूछा गया कि क्या वह फ्रांस के खिलाफ एक और यादगार प्रदर्शन करना चाहेंगे, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, 'उम्मीद है कि मैं फिर ऐसा कर पाऊंगा। मैं वास्तव में ऐसा करना चाहता हूं।'

एमबाप्पे बनाम यमाल पर भी होगी नजर
सेमीफाइनल में फुटबॉल प्रेमियों की नजर किलियन एमबाप्पे और लामिन यमाल की भिड़ंत पर भी रहेगी। एमबाप्पे इस विश्व कप में पांच मैचों में आठ गोल और तीन असिस्ट के साथ शानदार फॉर्म में हैं और गोल्डन बूट की दौड़ में लियोनेल मेसी के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। वहीं यमाल अपनी ड्रिब्लिंग, गति और शानदार पासिंग से स्पेन के सबसे बड़े प्लेमेकर बनकर उभरे हैं। हालांकि, यमाल का कहना है कि बड़े नामों से स्पेन पर कोई दबाव नहीं पड़ेगा।
विज्ञापन

उन्होंने कहा, 'हमें किसी से डर नहीं लगता। हमने पिछले दो मुकाबलों में फ्रांस को हराया है। सेमीफाइनल में पहुंचकर हम बेहद खुश हैं। हमने बाकी सभी टीमों से बेहतर प्रदर्शन किया है। हम यहां सिर्फ विश्व कप जीतने आए हैं और यही हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है। उन्हें हमसे डरना चाहिए। हमने उन्हें दो बार हराया है। हम उनसे बिल्कुल नहीं डरते। मेरा मानना है कि इस टूर्नामेंट की दो सबसे बेहतरीन टीमें आमने-सामने हैं।' 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें