स्पेन के स्टार डिफेंडर सर्जियो रामोस आउटफील्ड पोजिशन में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले यूरोपीय खिलाड़ी बन गए हैं। रामोस ने शनिवार रात 2020 यूरो क्वॉलिफायर्स में नॉर्वे के खिलाफ मैदान पर उतरते ही यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। हालांकि उनकी टीम मैच नहीं जीत पाई और मैच 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ।
रामोस ने मैच के बाद कहा, ‘यह रिकॉर्ड मेरी प्राथमिकता नहीं है। मुझे खुशी होती अगर मेरे 168वें मैच में स्पेन मुकाबला जीत जाता, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हालांकि, इतने वर्षों बाद यह रिकॉर्ड एक अच्छा इनाम है और मुझे इस पर गर्व है।’ स्पेन ने नॉर्वे के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ खेला। इस मैच के साथ ही वह स्पेन के लिए सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं।
उन्होंने गोलकीपर इकर कैसियास के रिकॉर्ड को तोड़ा। मंगलवार को स्वीडन के खिलाफ अगर स्पेन ड्रॉ भी कर लेता है तो वो अगले साल होने वाले प्रतिष्ठित टूर्नमेंट के लिए क्वॉलिफाइ कर लेगा।