बास्तियान स्वेनस्टीगर की ओर से इंजरी टाइम में किए गोल की मदद से विश्व चैंपियन जर्मनी ने यूरो कप में यूक्रेन को 2-0 से हराकर अपने अभियान का जीत से आगाज किया।
ग्रुप-सी के मुकाबले में 31 साल के स्वनेस्टीगर अंतिम क्षणों में उतरे और मेसुत ओजिल से मिले पास पर दनदनाता गोल दाग दिया। हालांकि जर्मनी की टीम ने श्कोदान मुस्ताफी के पहले हाफ में हेडर से किए गोल की मदद से पहले ही 1-0 से आगे चल रही थी।
इस जीत के साथ जर्मनी ग्रुप-सी में शीर्ष पर पहुंच गया। उसका अगला मुकाबला 17 जून को पोलैंड से होगा।
घुटने की चोट के कारण तीन महीने से बाहर चल रहे स्वेनस्टीगर इस मैच में कुछ क्षण के लिए लौटे और गोल करके आकर्षण का केंद्र बन गए। जर्मनी की टीम का रक्षण भी अच्छा रहा। गोलकीपर मैनुअल नियूस ने कई अच्छे बचाव किए और जेरोम बोटेंग ने एक मर्तबा बिल्कुल गोललाइन पर बचाव कर यूक्रेन को बराबरी पर आने से रोक लिया था। बाद में जर्मनी के कोच जोकिम लोइयू ने भी बोटेंग की जमकर सराहना की।
दूसरी ओर, यूरो कप में दर्शकों के बीच भिड़ंत एक बड़ी समस्या बन गई है। लिली में जर्मनी और यूक्रेन के दर्शकों के बीच मैच से पहले झड़प हुई। जर्मन पुलिस का कहना है कि उसने 21 हुड़दंगियों को हिरासत में लिया है।