रियल मेड्रिड और पुर्तगाल के स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने सोमवार को फीफा वर्ल्ड फुटबॉलर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड जीता। फीफा के बेस्ट अवॉर्ड्स में रोनाल्डो ने दूसरी बार फुटबॉलर ऑफ द ईयर का खिताब जीता।
चार बार के बेलन डी ओर अवॉर्ड विजेता ने इस साल मेड्रिड क्लब के साथ ला लीगा और चैंपियंस लीग का खिताब जीता। रोनाल्डो ने युवेंटस के खिलाफ यूरोपियन कप के फाइनल में दो गोल दागकर रियल को चैंपियन बनाया। रियल मौजूदा फॉर्मेट में अपनी ट्रॉफी बरकरार रखने वाली पहली टीम बन गयी है।
बार्सिलोना क्लब और अर्जेंटीना के स्ट्राइकर लियोनेल मेसी और पेरिस सेंट जर्मेन व ब्राजील के स्ट्राइकर नेमार का नाम भी इस लिस्ट में शामिल था। दोनों रनर्स अप रहे। नेमार और मेसी का नाम राष्ट्रीय टीम के कोचों और कप्तानों व मीडिया और फैंस ने आगे बढ़ाया था।
बता दें कि फीफा के सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी अवॉर्ड और बेलन डी ओर खिताब के लिए पहले मीडिया ही वोट करती थी, लेकिन अब इन दोनों को अलग-अलग अवॉर्ड कर दिया गया है। रियल मेड्रिड क्लब के कोच जिनेदिन जिदाने को क्लब की सफलता के आधार पर मैनेजर ऑफ द ईयर की ट्रॉफी भेंट की गई।
वैसे आपको बता दें कि फीफा के बेस्ट फुटबॉलर ऑफ द ईयर की लिस्ट में रियल मेड्रिड क्लब के पांच खिलाड़ियों का नाम साल की सर्वश्रेष्ठ एकादश में शामिल किया गया है। इसमें मार्सेलो, सर्जियो रामोस, लुका मोड्रिक, टोनी क्रूस और रोनाल्डो का नाम शामिल है। इसके अलावा मेसी, नेमार, जियानलुइगी बफन, डानी आल्वेस, लियोआर्डो बोनुसी और आंद्रेस इनियेस्ता का नाम भी शामिल है।
आर्सेनल के स्ट्राइकर ओलिवर जिरुड को साल का सर्वश्रेष्ठ गोल करने के लिए पुस्कस अवॉर्ड के खिताब से नवाजा गया। जिरुड ने क्रिस्टल पैलेस के खिलाफ फ्रेंचमैन स्कोरिपियन किक जमाकर गोल किया था। वहीं बफन को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया। नीदरलैंड्स की लिएक मार्टेन्स को सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी चुना गया।