दरअसल, मेसी ने अर्जेंटीना के ट्रेनिंग सेशन में हिस्सा नहीं लिया। मीडिया रिपोर्ट्स में ये कयास लगाए जा रहे हैं कि मेसी चोटिल हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेसी क्रोएशिया के खिलाफ सेमीफाइनल में चोटिल हुए थे और उनके फाइनल खेलने पर सस्पेंस जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि क्रोएशिया के खिलाफ मैच में मेसी मैदान से अजीबोगरीब ढंग से मैदान से बाहर जाते दिखे थे। वह अपनी हैमस्ट्रिंग को पकड़े हुए थे। मैच के दौरान भी कई बार मेसी अपने पैर के कुछ हिस्से को दबाते दिखे थे, मानो उन्हें कोई दर्द हो।
हालांकि, अर्जेंटीना के कैंप से सुपरस्टार फुटबॉल के चोट की कोई ठोस रिपोर्ट नहीं आई है। कई मीडिया आउटलेट्स ने सुझाव दिया है कि कई खिलाड़ी जो सेमीफाइनल का हिस्सा थे, उन्हें रिकवरी के लिए ज्यादा समय दिया गया था। यही कारण है कि वह ट्रेनिंग सेशन में नहीं पहुंचे और जिम सेशन में हिस्सा लिया। अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज ने पहले इन सुझावों को खारिज कर दिया था कि मेसी चोट से पीड़ित हैं।
मार्टिनेज ने कहा- नहीं, नहीं। मेसी चोटिल नहीं है। हमने नीदरलैंड के खिलाफ 120 मिनट खेला। यह उनके लिए एक मुश्किल मैच था, लेकिन आप देख सकते हैं कि वह हर खेल को खत्म करना चाहते हैं। अर्जेटीना की टीम मेसी के नेतृत्व में दूसरी बार फाइनल में पहुंची है। इससे पहले टीम 2014 के फाइनल में पहुंची थी। तब अर्जेंटीना को जर्मनी ने 1-0 से हराया था और चौथी बार चैंपियन बनी थी। मेसी इस बार वर्ल्ड कप जीत अपने करियर का शानादर अंत करना चाहेंगे।
मार्टिनेज ने कहा- शारीरिक रूप से मेसी काफी फिट हैं और वह हर मैच में मैन ऑफ द मैच बन रहे हैं। मेसी गोल्डन बूट की रेस में फ्रेंच स्टार कीलियन एम्बाप्पे के साथ शीर्ष पर हैं। दोनों ने अब तक पांच-पांच गोल किए हैं। फ्रांस के ओलिवर जिरूड और अर्जेंटीना के जूलियन अल्वारेज भी रेस में है। दोनों ने चार-चार गोल दागे हैं।