स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के दो गोलों की बदौलत रियल मैड्रिड ने ला लीगा के तहत शनिवार को खेले गए एक मुकाबले में एटलेटिक बिल्बाओ को 4-2 से हरा दिया।
मैच शुरू हुए अभी तीन मिनट ही हुए थे कि रोनाल्डो ने एक शानदार गोल दागकर रियल को शुरुआती बढ़त दिला दी। इसके बाद जेवियर इरासो ने मैच के 10वें मिनट में गोल कर एटलेटिको बिल्बाओ को 1-1 की बराबरी दिला दी।
जेम्स रोड्रिगेज ने 37वें मिनट में गोल कर रियल की बढ़त को दोगुना कर दिया। रियल के लिए तीसरा गोल टोनी क्रूज ने 45वें मिनट में दागा।
इसके बाद रोनाल्डो ने एक और गोल कर रियल को 4-1 से आगे कर दिया। बिल्बाओ की ओर से गोरका एलुस्टोंडो ने 90वें मिनट में गोल कर हार के अंतर को जरूर कम किया लेकिन वह अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके।
इस जीत से रियल के 24 मैचों से 53 अंक हो गए हैं और वह अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। बिल्बाओ के इतने ही मैच से 35 अंक हैं और वह छठे स्थान पर है।
ईपीएल में चेल्सी ने न्यू कैसल को हराया
चेल्सी ने रोड्रिगेज पेड्रो के दो गोलों की बदौलत इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) के तहत खेले गए एक मुकाबले में न्यू कैसल को 5-1 से पराजित कर दिया।
चेल्सी की ओर से डिएगो कोस्टा, डा सिल्वा विलियम, बरट्रांड ट्राओर ने एक-एक गोल दागे जबकि कैसल की ओर से एंड्रोस टाउनसेंड ने गोल किया।