दुनिया के दो सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलरों लियोन मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बीच टक्कर हो और रोमांच न हो ऐसा तो हो ही नहीं सकता। बार्सिलोना और रियल मैड्रिड के बीच एल क्लासिको के नाम से मशहूर मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच खूब नोकझोंक हुई। छोटी-छोटी झड़पों और बहस के बीच यह मुकाबला 2-2 से बराबरी पर छूटा।
रियल के सामने बार्सिलोना का विजय रथ रोकने की चुनौती थी पर वह भी इसमें कामयाब नहीं हुआ। इस सत्र में ला लीगा में अजेय रहने वाले बार्सिलोना का अभियान 42 मैचों तक पहुंच गया। पहले ही रिकॉर्ड 25वीं बार ला लीगा का खिताब जीत चुका बार्सिलोना अगर अपने शेष तीन मुकाबलों में भी अजेय रहता है तो वह एक सत्र में ऐसा करने वाली पहली टीम बन जाएगी।
मेसी ने दिलाई बढ़त
शुरू से ही तनातनी के साथ शुरू हुए मुकाबले में लुईस सुआरेज ने दसवें मिनट में ही गोल कर बार्सिलोना को बढ़त दिला दी। हालांकि उसकी यह बढ़त चार मिनट ही कायम रह पाई। रोनाल्डो ने 14वें मिनट में शानदार गोल कर रियल को बराबरी दिलाई। 52वें मिनट में मेसी ने प्रतिद्वंद्वी गोलकीपर को चकमा देकर बार्सिलोना को 2-1 से आगे कर दिया। गेरेथ बेल ने 72वें मिनट में रियल को 2-2 से बराबरी दिलाई।
45 मिनट दस खिलाड़ियों के साथ खेला बार्सिलोना : कैंप नाऊ में बार्सिलोना को दूसरे हाफ में दस खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। सर्गेई रॉबर्टो को रियल के डिफेंडर मार्सेलो से बहस के कारण लाल कार्ड दिखाया गया। इससे उन्हें बाहर बैठना पड़ा।
रोनाल्डो की चोटने बढ़ाई रियल की चिंता
रोनाल्डो की टखने की चोट ने रियल मैड्रिड की चिंता बढ़ा दी है। चोट के चलते पुर्तगाली स्टार हाफ टाइम के बाद मैदान पर नहीं उतरें। दो मुकाबलों में गोल करने में नाकाम रहे रोनाल्डो ने 15वें मिनट में गोल कर टीम को एक-एक की बराबरी दिलाई। कोच जिनेदिन जिदान चाहेंगे कि उनका यह स्टार खिलाड़ी 26 मई को लिवरपूल के खिलाफ होने वाले चैंपियंस लीग फाइनल तक पूरी तरह फिट हो जाए।
::: नंबर गेम :::
-35 मैचों से अजेय है बार्सिलोना की टीम। उसके तीन मैच शेष अगर वह उनमें भी अजेय रहती हैं तो वह ला लीगा के इतिहास में एक सत्र में अजेय रहने वाली पहली टीम बन गई
-07 सातवां गोल मेसी ने कैंप नाऊ में एल क्लासिको मुकाबले में किया जोकि रिकॉर्ड है। उन्होंने पाको जेंटो(6 गोल) को पीछे छोड़ा
-18वां गोल रोनाल्डो ने बार्सिलोना के खिलाफ किया। उन्होंने एल क्लासिको में रियल की ओर से सर्वाधिक गोल करने वाले अल्फ्रेडो डी स्टीफानो की बराबरी की
-26 सर्वाधिक रिकॉर्ड गोल एल क्लासिको में लियोनल मेसी ने किए हैं। इसमें से 18 ला लीगा में किए हैं
-176वां मैच था यह दोनों टीमों में ला लीगा में। इसमें से रियल ने 72 और बार्सिलोना ने 70 जीते हैं। 34 मैच ड्रॉ रहे हैं
-568 गोल दोनों ने ला लीगा में किए हैं जिसमें से 286 रियल और 282 बार्सिलोना ने दागे हैं
-271वां मैच था यह दोनों में सभी मुकाबलों में। इसमें 99 रियल और 112 बार्सिलोना ने जीते हैं। 60 मैच ड्रॉ रहे हैं
-917 गोल दोनों टीमों ने अभी तक सभी मुकाबलों में किए हैं, जिसमें से 445 रियल और 472 बार्सिलोना ने किए हैं