राष्ट्रीय कोच स्टीफन कोंस्टेनटाइन ने कहा कि भारत 2019 में यूएई में होने वाले एएफसी एशियन कप फुटबॉल महाद्वीपीय चैंपियन के लिए नॉकआउट के लिए क्वॉलिफाई कर सकता है। स्टीफन ने यह बात इस चैंपियनशिप के लिए ड्रॉ के घोषित होने के बाद भारत को ग्रुप ए में रखे जाने के बाद कही।
एआईएफएफ डॉट कॉम के मुताबिक ग्रुप ए में भारत के ग्रुप मेजबान संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), थाईलैंड, बहरीन की टीमें हैं। इसका ड्रॉ शुक्रवार रात दुबई में निकाला गया। इसका ड्रॉ निकाले जाने के मौके पर सीनियर राष्ट्रीय फुटबॉल कोच स्टीफन और टीम मैनेजर षणमुंगम वेंकटेश भी मौजूद थे।
भारत ने चौथी बार एएफसी एशियन कप के लिए क्वॉलिफाई किया है। भारत ने जब 2011 में इसमें शिरकत की थी, तो मौजूदा कप्तान सुनील छेत्री भी तब राष्ट्रीय टीम का हिस्सा थे, भारत 1964 में एशियन कप में उपविजेता रह चुका है।
स्टीफन कोंस्टेनटाइन ने कहा, 'हमारा ग्रुप ऐसा है कि हम नॉकआउट चरण में जगह बना सकते हैं। मैं यह कतई नहीं कहूंगा कि हमारा ग्रुप ए आसान है। मैं यह जरूर कहना चाहूंगा कि दिन हमारा रहा तो हमारी टीम अपने ग्रुप की कई टीमों को हरा सकती है। हम अपने ग्रुप की ज्यादातर टीमों के खिलाफ जीतने का दम रखते हैं। हमें ये सभी टीमें अलग-अलग तरह की चुनौती पेश कर सकती हैं । हमें यूएई में होने वाली 2019 एएफसी एशियन कप में इन टीमों से निपटनें लिए खुद को तैयार करना है।’
भारत के कप्तान स्ट्राइकर सुनील छेत्री ने कहा, 'एएफसी एशियन कप हमारे लिए बहुत बड़ा मौका है और हम अपना ध्यान इस पर लगा रहे हैं। एएफसी एशियन कप हमें एशिया की श्रेष्ठतम टीमों के खिलाफ खेलने का बढिय़ा मौका है। इसमें हमें यूरोप और दुनिया में प्रीमियर लीग में खेलने वाले एशिया के धुरंधर खिलाडिय़ों के खिलाफ खेलने का मौका मिलेगा। इसमें खेलना हमारे खिलाडिय़ों के लिए आंखे खोलने वाला होगा ही बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।'
उन्होंने आगे कहा, 'हम अंतिम बार 2011 में जब इस महाद्वीपीय चैंपियनशिप में खेले थे तो मैं राष्ट्रीय फुटबॉल का हिस्सा था। आठ बरस में दूसरी बार एशियन कप के लिए क्वॉलिफाई करना भारतीय फुटबॉल की वाकई बड़ी उपलब्धि है। भारत में हर कोई एएफसी एशियन कप को लेकर खासा रोमांचित है। हमें अपने भारतीय फुटबॉल फैंस का पूरा आर्शीवाद हासिल है। हमारी टीम इसमें बेहतरीन प्रदर्शन करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगी।'
- एशिया की शीर्ष 24 टीमों को मेजबान यूएई के साथ चार-चार टीमों के छह ग्रुप में बांटा गया है
- ग्रुप में सभी टीमों एक दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। सभी छह ग्रुप से शीर्ष दो-दो टीमें और तीसरे स्थान पर रहने वाली चार सवश्रेष्ठ टीमें अंतिम 16 दौर में पहुंचेंगी
-एएफसी एशियन कप यूएई के चार शहरों -अबू धाबी, दुबई, शारजाह और अल अईन में- में आठ स्टेडियमों में 5 जनवरी से एक फरवरी तक होगी।
-भारत ने चौथी बार एएफसी एशियन कप के लिए क्वॉलिफाई किया। भारत 2011 में अंतिम बार इसमें खेला था, भारत 1964 में इस्राइल में इसमें उपविजेता रह चुका है