रियल मैड्रिड ने बार्सिलोना का लगातार तीसरी बार ला लिगा खिताब जीतने का सपना तोड़ दिया। जिनेदिन जिदान की टीम ने विलारियल को 2-1 से हराकर तीन साल बाद ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। रियल की इस जीत के हीरो करीम बेंजेमा (29वें, 77वें मिनट) रहे जिन्होंने दोनों हाफ में एक-एक गोल किया।
05वीं बार मेसी ने इस सत्र में लीग में फ्री किक पर गोल किया। यह शीर्ष पांच यूरोपियन लीग में एक खिलाड़ी ओर से फ्री किक पर किए गए सर्वाधिक गोल हैं
पिछले दो बार की विजेता लियोनल मेसी की टीम बार्सिलोना को खिताब बरकरार रखने के लिए जीत दर्ज करने और रियल की हार के लिए दुआ करने की जरूरत थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
बार्सिलोना को मेसी के गोल के बावजूद घर में ओसासुना के हाथों 1-2से हार मिली। ओसासुना के लिए जोस अर्नेज (15वें मिनट) और राबर्टो टोरेस (90+4वें मिनट) ने गोल किए। बार्सिलोना के लिए मेसी (62वें मिनट) ने फ्री किक पर गोल किया जो उनका लीग का 23वां गोल है। यह बार्सिलोना की नवंबर 2018 के बाद और 30 मैचों बाद घरेलू मैदान कैंप नाऊ में पहली हार है।
‘यह मेरी पेशेवर जिंदगी के सबसे अच्छे दिनों में से एक है। एक और खिताब। मैं चाहता था कि हम अपने प्रशंसकों के साथ इसका जश्न मनाए लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि अपनी टीम को खिताब जीतते हुए देखकर वे खुश होंगे।’ -जिनेदिन जिदान, कोच रियल मैड्रिड
‘यह मैच हमारे पूरे साल के खेल की तरह रहा। हम एक अनिश्चित और कमजोर टीम रहे हैं। मैड्रिड ने सभी मैच जीतकर शानदार प्रदर्शन किया लेकिन चैंपियन बनने में हमने भी उसकी मदद की। हमें अपने खेलने के तरीके और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की आलोचना करनी होगी।’ -लियोनल मेसी, कप्तान बार्सिलोना