नेमार भले ही अटलांटा के खिलाफ चैंपियंस लीग क्वार्टर फाइनल मुकाबले में गोल नहीं कर पाए, लेकिन उनके शानदार खेल की बदौलत पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) ने 2-1 से जीत दर्ज कर 25 साल बाद और कुल दूसरी सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया। इससे पहले पीएसजी 1994-95 में अंतिम चार में पहुंचा था। पीएसजी ने दोनों गोल इंजुरी टाइम में 149 सेकंड में दागे और दोनों में नेमार ने मदद की।
पीएसजी के लिए यह गोल मारक्विंहोस (90वें मिनट) और एरिका चौपो मोटिंग (93+3वें मिनट) ने किए। पहली बार इस लीग में खेल रहे अटलांटा के लिए एकमात्र गोल मारियो पैसालिक (26वें मिनट) ने किया। अंतिम चार में पीएसजी का सामना आरबी लिपजिग के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।
नेमार के सालाना वेतन के बराबर है अटलांटा की पूरी टीम की सेलरी
मीडिया रिपोटर्स के अनुसार ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार को सालाना पीएसजी से करीब 319 करोड़ रुपये (36 मिलियन यूरो) का वेतन मिलता है जो अटलांटा की पूरी टीम के साल के वेतन के बराबर है। इसमें अगर बोनस और अन्य भत्ते जोड़ दिए जाएं तो यह नेमार को करीब 354 करोड़ (40 मिलियन यूरो) मिलते हैं।
वहीं अटलांटा की ओर से कप्तान अलजांद्रो गोमेज और दुवान जपाटा को सालाना सर्वाधिक करीब 11 करोड़ से 16 करोड़ रुपये (1.2 से 1.8 मिलियन यूरो) का वेतन मिलता है। वहीं पूरी टीम का सालाना वेतन करीब 292 करोड़ (33 मिलियन यूरो) से 319 करोड़ (36 मिलियन यूरो) है।