फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'विश्व कप की मेजबानी मिलने से खुश लेकिन आगे बड़ी चुनौती'

Sat, 16 Mar 2019 08:44 PM IST
Mukesh Jha स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
अंडर-17 महिला विश्व कप
विज्ञापन

अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने भारत को 2020 में अंडर-17 महिला विश्व कप की मेजबानी मिलने पर खुशी जताते हुए शनिवार को कहा कि हमारे लिए आगे काफी बड़ी चुनौती है। 

विज्ञापन


उन्होंने कहा, 'हम पर भरोसा जताने और टूर्नामेंट की मेजबानी देने के लिए मैं फीफा को शुक्रिया करना चाहूंगा। मैं भारत सरकार और राज्य सरकारों को भी शुक्रिया करना चाहूंगा क्योंकि उनके समर्थन और जरूरी आश्वासन से ही हम मेजबानी की दावेदारी को अपने पक्ष में करने में सफल रहे।' 

यह दूसरी बार होगा जब भारत फीफा के किसी टूर्नामेंट का आयोजन करेगा। इससे पहले भारत ने 2017 में अंडर-17 पुरूष विश्व कप की मेजबानी की थी। पटेल ने कहा, 'हमने महसूस किया कि फीफा अंडर-17 विश्व कप 2017 से भारत में फुटबाल को जो विकास मिला है, उसे जारी रखने की जरूरत है। एआईएफएफ ने महिला फुटबॉल के विकास के लिए प्रतिबद्धता दिखाते हुए अंडर -17 महिला विश्व कप की मेजबानी के लिये दावेदारी पेश करने का फैसला किया।'
विज्ञापन


उन्होंने कहा, 'हालांकि, दावेदारी को जीतना बड़ी चुनौती नहीं थी। बड़ी चुनौती इसके आयोजन को लेकर है ,खासकर तब जब हमने फीफा अंडर-17 विश्व कप 2017 में जो मानक स्थापित किये थे।'

इससे पहले अमेरिका के मियामी में शुक्रवार को हुई फीफा परिषद की बैठक के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबाल महासंघ (फीफा) अध्यक्ष जियानी इनफैनटिनो ने घोषणा की कि भारत 2020 में अंडर-17 महिला विश्व कप की मेजबानी करेगा। 

अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ के महासचिव कुशल दास ने इसकी पुष्टि करते हुए पीटीआई से कहा, 'हम फीफा के शुक्रगुजार हैं जिन्होंने हमें अंडर-17 महिला विश्व कप की मेजबानी के अधिकार दिये। इससे देश में महिला फुटबाल का स्तर बढ़ेगा।'

उन्होंने कहा, 'हम देश में महिलाओं के फुटबाल के विकास पर काफी जोर दे रहे हैं। इसलिये हमने अंडर-17 महिला विश्व कप की मेजबानी के लिये दावेदारी पेश की और अब हमें इसकी मेजबानी मिल गयी है।' 

दास ने कहा कि टूर्नामेंट की मेजबानी के लिये स्थल पर फैसला जल्द ही होगा। उन्होंने कहा, 'हमारे दिमाग में चार-पांच स्थल हैं और हम इन पर जल्द ही फैसला करेंगे।' मेजबान देश के नाते भारत 16 टीमों के इस टूर्नामेंट में स्वत: ही क्वालीफाई हो जायेगा। छह महाद्वीपीय क्वालीफाइंग टूर्नामेंट अभी शुरू होने हैं। इनपुट-भाषा

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें