छह दिन पहले ही ब्राजील में देश को फुटबॉल वर्ल्ड कप का चैंपियन बनाने के बाद जर्मनी के कप्तान फिलिप लाम ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कह दिया।
30 वर्षीय बेयर्न म्यूनिख के फुल बैक लाम देश के लिए 113 मैच खेल चुके हैं। लाम के करियर में वर्ल्ड कप के अलावा चैंपियंस लीग और बुंदेसलीगा का खिताब भी मुख्य रूप से शामिल है। वह जर्मनी के चौथे वर्ल्ड कप विजेता कप्तान हैं।
पिछली रविवार को अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर विश्व खिताब जीतने वाले दुनिया के 20वें कप्तान बनने के बाद लगभग 5 लाख समर्थकों ने बर्लिन में जर्मनी टीम का भव्य स्वागत किया था लेकिन लाम के एजेंट रोमन ग्रिल ने यह जानकारी देकर देशवासियों को अचानक से चौंका दिया।
हालांकि जर्मन फुटबॉल फेडरेशन ने कहा है कि लाम की जगह जल्द ही नए कप्तान के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।
ग्रिल के हवाले से लाम ने कहा, "खिताब जीतने के बाद संन्यास का मेरे लिए यही सही समय है। मैंने पहले ही यह फैसला कर लिया था कि ब्राजील में वर्ल्ड कप मेरा आखिरी टूर्नामेंट होगा।"
जर्मनी को दुनिया के बेहतरीन डिफेंडरों में से जाना है और वह 2010 से जर्मनी टीम के कप्तान थे। लाम ने अपने इस फैसले से कोच जोएकिम लाउ को विश्व विजेता बनने के अगले ही दिन लंच के दौरान सूचित कर दिया था।
जर्मन फुटबॉल फेडरेशन (डीएफबी) के अध्यक्ष वोल्फगांग निएसबाच ने कहा, "10 साल तक देश की टीम को मजबूती देने के लिए मैं उनको धन्यवाद देता हूं। मैं जानता हूं कि उन्होंने मन बना लिया है इसलिए मैं उन्हें फैसले पर पुनर्विचार करने को नहीं कहूंगा। लाम न केवल एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं बल्कि एक अच्छा रोल मोडल भी रहे हैं।"