दुनिया के महान फुटबॉल खिलाड़ी पेले को हिप सर्जरी के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। ब्राजील के पूर्व फुटबॉलर 72 वर्षीय पेले को साउ पोलो के एलबर्ट आइंस्टीन अस्पताल से बृहस्पतिवार को छुट्टी दे दी गई। बकौल पेले, ‘मुझे इस बात की उम्मीद नहीं थी कि ब्राजील के लोगों को मेरी इतनी चिंता है। मैं उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिन्होंने मेरे लिए संदेश भेजे।’
उल्लेखनीय है कि 10 नवंबर को पेले की हिप सर्जरी की गई थी। इस बीच पेले के डॉक्टर डैनटास क्वीरोज ने कहा कि पेले को ठीक होने में कुछ समय लगेगा और तब तक उन्हें व्हीलचेयर पर ही रहना होगा। दुनिया के महान फुटबॉलर पेले तीन बार की विश्व विजयी ब्राजील टीम के सदस्य रहे और उन्होंने अपने कैरियर में 1281 गोल किए।