फ्रांस के स्टार मिडफील्डर पॉल पोग्बा ने एक बार फिर मैनचेस्टर यूनाइटेड क्लब का दामन थामा है। रिपोर्ट के मुताबिक मैनचेस्टर यूनाइटेड ने पोग्बा को अपने साथ जोड़ने के लिए इटली के क्लब युवेंट्स को भारी-भरकम रकम दी है। पोग्बा ने मैनचेस्टर के साथ पांच साल का करार किया है। ब्रिटिश मीडिया के मुताबिक मैनचेस्टर ने पोग्बा के स्थानांतरण की कीमत 89 मिलियन पाउंड यानी लगभग 770 करोड़ की भारी रकम दी है। जिसमें एजेंट का फीस शामिल नहीं है। इसके साथ ही पोग्बा फुटबॉल के इतिहास में सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं।
23 वर्षीय करार के बाद पोग्बा ने कहा कि वह अपने पुराने क्लब मैनचेस्टर में वापसी कर खुश हैं। इतनी अधिक धनराशि शायद ही पहले कभी किसी खिलाड़ी को ऑफर की गई हो। इससे पहले, वर्ष 2013 में टॉटेनहम हॉट्सपर के लिए खेल चुके गारेथ बेल के साथ स्पेनिश क्लब रियल मैड्रिड ने 85.1 मिलियन पाउंड यानी करीब 860 करोड़ का करार किया था।
रियल मैड्रिड ने 2009 में मैनचेस्टर यूनाइटेड के स्ट्राइकर और पुर्तगाल टीम के मौजूदा कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो को रिकॉर्ड 83.1 मिलियन पाउंड यानी लगभग 810 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा था। इस वर्ष अर्जेंटीना के गोजालों हिगुएन के साथ जुवेंटस ने 75.3 मिलियन पाउंड यानी लगभग 655 करोड़ रुपए का करार किया था।