दरअसल, इस नॉकआउट मैच के पहले हाफ में दोनों टीमों ने बेहतरीन शुरुआत की। फ्रांस और पोलैंड दोनों ने शुरुआती 40 मिनट तक काउंटर अटैक किया। हालांकि, 44वें मिनट में फ्रांस ने पहला गोल दागा। यह गोल जिरूड ने कीलियन एम्बाप्पे के बेहतरीन पास पर किया। इस गोल की मदद से जिरूड फ्रांस टॉप गोल स्कोरर बन गए हैं। इस मामले में जिरूड ने फ्रांस के पूर्व दिग्गज थियरे हेनरी का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
एम्बाप्पे और जिरूड जश्न मनाते हुए
हेनरी ने फ्रांस के लिए 123 मैचों में 51 गोल दागे थे। वहीं, जिरूड के नाम 118 मैचों में 52 गोल हैं। फ्रांस के लिए सबसे ज्यादा गोल दागने वालों में एंटोयने ग्रीजमैन तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 112 मैचों में 42 गोल दागे हैं। इसके अलावा जिरूड ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। जिरूड 1990 के बाद फीफा वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैचों में गोल दागने वाले (आत्मघाती गोल को छोड़कर) सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए।
पोलैंड के खिलाफ गोल करते वक्त जिरूड की उम्र 36 साल 65 दिन रही। वहीं, 1990 में रोजर मिल्ला ने कोलंबिया के खिलाफ राउंड ऑफ-16 में 38 साल 34 दिन की उम्र में गोल दागा था। वहीं, एम्बाप्पे फ्रांस के लिए पिछले 14 मैचों में किए गए 21 गोल में सीधे तौर पर शामिल रहे हैं। इनमें से 14 गोल खुद एम्बाप्पे ने किए हैं, जबकि सात असिस्ट रहा है।