फ़ुटबॉल के सबसे बड़े उत्सव विश्व कप देखने के लिए दुनिया भर से सैकड़ों लोग ब्राज़ील पहुँच रहे हैं। भारत से भी काफ़ी लोग जा रहे हैं। पर कोलकाता के चटर्जी दम्पति की बात अनूठी है।
80 साल के पन्नालाल चटर्जी और 72 वर्षीय उनकी पत्नी चैताली इससे पहले आठ विश्व कप देख चुके हैं और ये उनके लिए नौवां विश्व कप होगा। वो भी अपने ख़र्च से। फ़ुटबॉल उनके लिए एक नशा है।
दक्षिण पश्चिमी कोलकाता के खिदीरपुर इलाक़े में अपने पुश्तैनी मकान की तीसरी मंज़िल पर रहते हैं पन्नालाल और चैताली चटर्जी।
पूर्व फ़ुटबॉलर और अब फ़ुटबॉल प्रशंसक पन्नालाल फ़ोन पर साओ पाओलो में किसी से बात कर रहे थे। जब वो उन्नीस तारीख़ को वहां पहुंचेंगे तो हवाई अड्डे पर उनको लेने कौन आएगा ये तय किया जा रहा था।
फ़ुटबॉल का मक्का
वे इससे पहले विश्व कप देखने के लिए आठ देशों का भ्रमण कर चुके हैं पर ब्राज़ील उनके लिए फ़ुटबॉल का मक्का है।
पन्नालाल बताते हैं कि काफ़ी कठिनाई के बावजूद एक बार फिर से वह विश्व कप देखने के लिए निकल रहे हैं। हालांकि ब्राज़ील से जिस तरह की ख़बरें आ रही हैं उससे वह थोड़ा आशंकित भी हैं।
हर बार पन्नालाल चटर्जी कुछ दोस्तों की सहायता से ख़ुद ही सफ़र की सारी तैयारी करते हैं।
पन्नालाल चटर्जी ने बताया कि क़रीब आठ महीने पहले उन्होंने फ़ीफा को एक चिट्ठी भेजी थी। साल 1982 से पत्नी को लेकर विश्व कप देखने के लिए जा रहे हैं। इसका उल्लेख उन्होंने किया था इस चिट्ठी में। ब्राज़ील जाने के लिए फ़ीफ़ा से मदद मांगी थी उन्होंने।
पन्नालाल ने बताया, "फ़ीफ़ा ने एक व्यक्ति के माध्यम से साओ पाओलो में एक अपार्टमेंट का बंदोबस्त कर दिया है और चार क्वार्टर फ़ाइनल मैच के टिकट भी दिलवाए हैं।
एक सेमीफ़ाइनल मैच देखने की भी उम्मीद है। रहने खाने का उनका ख़र्च बच गया और एक मित्र ने विमान का टिकट काफ़ी सस्ते में दिलवा दी हैं। फिर भी दो लोगों पर चार लाख रुपए ख़र्च हो रहे हैं।"