गत चैंपियन भारतीय फुटबॉल टीम को अपने से कहीं कमजोर नेपाल के हाथों शर्मनाक हार का मुंह देखना पड़ा है।
काठमांडू में खेले जा रहे सैफ फुटबॉल चैंपियनशिप में भारत ने ग्रुप ‘ए’ के अपने आखिरी मैच में मेजबान नेपाल के खिलाफ बेहद निराशाजनक प्रदर्शन किया जिससे उसे 1-2 से हार का सामना करना पड़ा।
हालांकि इस हार के बावजूद बेहतर औसत के आधार पर भारत टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब रहा।
इस ग्रुप के एक अन्य मुकाबले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 2-1 पराजित किया। ग्रुप के मैचों की समाप्ति के बाद नेपाल सात अंक लेकर शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंच गया।
भारत और पाकिस्तान के एक बराबर चार-चार अंक रहे लेकिन भारत को पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप में 1-0 की जीत का फायदा मिला और इस जीत के कारण ही वह सेमीफाइनल में पहुंच गया।
भारत की ओर से सैय्यद रहीम नबी ने गोल किया जबकि नेपाल के लिए अनिल गुरंग ने 70वें और जुमानू राय ने 81वें मिनट में गोल दागे।
भारत का अब नौ सितंबर ग्रुप ‘बी’ की दूसरे नंबर की टीम से सेमीफाइनल मुकाबला होगा। भारत के पास सेमीफाइनल से पहले तीन दिन का समय है, जिसमें उसे अपनी गलतियों को दुरुस्त करना होगा।
फीफा रैंकिंग में 145वें नंबर पर मौजूद भारत ने 170वीं रैंकिंग के नेपाल के अलावा पिछले दो मैचों में पाकिस्तान और बांग्लादेश के लिए भी खराब खेल दिखाया था।
विम कोवरमैंस की टीम पाकिस्तान के खिलाफ जहां आत्मघाती गोल से जीती थी, वहीं बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी मिनट के गोल से बराबरी कर पाया था।