फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खिताबी जीत के साथ लिया पिछली हार का बदला, 23वीं बार बने चैंपियन

विज्ञापन
विज्ञापन
स्टार फुटबॉलर लियोनल मेसी के 65वें मिनट में दागे गोल की मदद से बार्सिलोना ने एटलेटिको मैड्रिड को 1-0 से हराकर सात साल में पांचवीं बार और ओवरआल 23वीं बार ला लीगा खिताब जीत लिया।
विज्ञापन


ठीक एक साल पहले एटलेटिको ने बार्सिलोना को हराकर खिताब जीता था और रविवार को बार्सिलोना ने अपना बदला चुकता कर लिया। अब बार्सिलोना की टीम को 30 मई को कोपा डेल रे के फाइनल में अपने मैदान पर एथलेटिक बिलबाओ से और उसके एक हफ्ते बाद चैंपियंस लीग के फाइनल में जुवेंटस से भिड़ना है।

अन्य मैच में रियल मैड्रिड ने क्रिस्टियानो रोनाल्डो की हैट्रिक की मदद से एस्पानोल को 4-1 से हराया लेकिन उसके लिए यह जीत बेमानी रही क्योंकि वह बार्सिलोना से चार अंक पीछे है जबकि एक मैच ही बाकी है। रोनाल्डो ने 59, 83 और 90 वें मिनट में गोल किए। टीम का अन्य गोल मार्सेलो ने 79वें मिनट में किया। एस्पानोल का एकमात्र गोल स्टुआनी ने 73वें मिनट में किया था।
विज्ञापन


इस बीच एटलेटिको को हार के बाद तीसरे स्थान पर आने और अगले साल चैंपियंस लीग के ग्रुप दौर में जगह बनाने के लिए एक अंक की जरूरत है क्योंकि वेलेंसिया को सेलटा विगो के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेलना पड़ा।

बार्सिलोना के कोच लुइस एनरिक ने कहा कि हमें अभी दो फाइनल और खेलने हैं लेकिन ला लीगा का खिताब हमारे निरंतर अच्छे प्रदर्शन का पुरस्कार है। बार्सिलोना ने 32 मैचों में 29 वीं जीत दर्ज की है।

मैच में पहला हमला एटलेटिको ने बोला था लेकिन बार्सिलोना के गोलकीपर क्लाउडियो ब्रावो ने शानदार बचाव किया। दूसरी बार क्लाउडियो ने फिर अच्छा बचाव किया जब एंटोनी ग्रेजमान ने किक लगाई हालांकि वे ऑफ साइड करार दे दिए गए थे। मेसी के दो प्रयासों पर एटलेटिको के गोलकीपर जान ओब्लाक ने भी अच्छे बचाव किए। पहली बार बाक्स के सिरे पर मेसी ने किक लगाई थी और दूसरी बार हेडर से प्रयास किया था।

रेफरी ने बार्सिलोना की दो पेनाल्टी की मांग भी ठुकरा दी थी। मेसी ने 65 वें मिनट में पेड्रो रोड्रिग्ज के साथ मिलकर अच्छा मूव बनाया और फिर मौका ताड़ते हुए गोल कर दिया। उसके बाद बार्सिलोना के पास एक गोल और करने का मौका था लेकिन नेमार अकेले खड़े गोलची के सामने बाहर मार गए।
विज्ञापन

गोल की होड़ में मेसी से आगे हैं रोनाल्डो

बेशक रियल मैड्रिड की टीम ला लीगा खिताब की रेस में बार्सिलोना से पिछड़ गई लेकिन उसके स्टार पुर्तगाली खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एस्पानोल के खिलाफ हैट्रिक करके सीजन में अपने गोलों की संख्या 45 तक पहुंचा दी है। रोनाल्डो ने इस सीजन में 7 बार हैट्रिक लगाई है।

रोनाल्डो इस तरह मेसी से चार गोल आगे चल रहे हैं। वैसे अगर 2009 से जब से रोनाल्डो रियल मैड्रिड में गए तब से तुलना करें तो 27 साल के मेसी आगे नजर आते हैं। उन्होंने 318 मैचों में 328 गोल किए हैं और अपनी टीम बार्सिलोना को चार ला लीगा सहित 14 खिताब जिताने में मदद की है।

जबकि 30 साल के रोनाल्डो ने 299 मैचों में 310 गोल किए हैं और अपनी टीम को सात खिताब दिलाने में योगदान किया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें