ड्राइस मार्टेन्स के रिकॉर्ड गोल की मदद से नैपोली ने इंटर मिलान के खिलाफ मैच 1-1 से ड्रॉ खेलकर इटालियन कप फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई। कोरोना वायरस महामारी के कारण इन दोनों टीमों के बीच पिछले तीन महीने में यह पहला मैच था, जिसमें इंटर मिलान ने क्रिस्टियन एरिक्सन के कॉर्नर किक पर किए गए गोल से बढ़त बनाई।
मार्टेन्स ने मध्यांतर से ठीक पहले बराबरी का गोल दागा। नैपोली के लिए यह उनका 122वां गोल था और वह क्लब की तरफ से सभी प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक गोल करने में खिलाड़ी बन गए। उन्होंने मारेक हामसिक का रिकॉर्ड तोड़ा। इस गोल से नैपोली ने सान पाओलो स्टेडियम में दर्शकों के बिना खेले जा रहे मैच में अपनी कुल बढ़त 2-1 कर दी थी। उसने फरवरी में सेमीफाइनल के पहले चरण में 1-0 से जीत दर्ज की थी।
रोम में बुधवार को होने वाले फाइनल में नैपोली का सामना युवेंटस से होगा, जिसने शुक्रवार को एसी मिलान को हराया था। इटली में फुटबॉल की वापसी के बाद यह पहला मैच भी था। देश में नौ मार्च से कोई मैच नहीं खेला गया था।