अटालांटा ने नपोली को 2-0 से हराकर सीरि ए फुटबॉल में तीसरे स्थान का मुकाबला रोमांचक बना दिया, जिसके लिए इंटर मिलान भी दौड़ में है। मारियो पासालिक और रॉबिन गोसेंस ने अटालांटा के लिए गोल किए। अटालांटा की यह सीरि ए में लगातार सातवीं जीत थी। अब वह इंटर मिलान से चार अंक पीछे है, जिसने ब्रेसिया को 6-0 से हराया। पिछले महीने इटालियन कप जीतने वाली नपोली छठे स्थान पर है।
इंग्लिश प्रीमियर लीग चैंपियन बनने के बाद पहले मैच में लीवरपूल को मैनचेस्टर सिटी ने 4-0 से हरा दिया। लीवरपूल की टीम उस फार्म में नजर ही नहीं आई, जिसकी वजह से वह चैंपियन बनी थी। सिटी के मैनेजर पेप गार्डियोला ने कहा, 'लगता है कि पिछले सप्ताह उन्होंने ज्यादा बीयर पी ली थी।' सिडनी के लिए केविन डि ब्रून, रहीम स्टर्लिंग और फिल फोडेन ने गोल किए।