फुटबॉल मैच के दौरान अक्सर खिलाड़ियों में नोंकझोंक होती रहती है। लेकिन मामला दांतों से काटने तक पहुंच जाए ऐसा कम ही होता है। पर 2014 विश्व कप में उरुग्वे के स्टार खिलाड़ी लुईस सुआरेज ने मैच के दौरान इटली के जियोर्जियो चिलानी को दांतों से काट दिया।
24 जून, 2014 को दोनों टीमों के बीच ग्रुप चरण का मुकाबला चल रहा था। मैच के 79वें मिनट में सुआरेज का चिलानी से विवाद हो गया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में सुआरेज ने विरोधी खिलाड़ी के कंधे को काट दिया। चिलानी के दिखाने के बावजूद रेफरी मार्को रॉड्रिग्ज ने ध्यान नहीं दिया और इटली को सिर्फ फ्री किक का मौका दिया।
इटली यह मैच 1-0 से हारकर टूर्नमेंट से बाहर हो गया था। हालांकि यह पहला मौका नहीं था जब सुआरेज ने किसी खिलाड़ी को काटा हो। इससे पहले भी वह दो बार ऐसा कर चुके थे, लेकिन वह सिर्फ मामूली था। पर इस बार उन्होंने चिलानी को जोर से काटा था। इसके बाद फीफा ने उन पर सख्त कार्रवाई करते हुए चार माह का प्रतिबंध लगा दिया था। इसके अलावा भारी जुर्माने के साथ उन पर नौ अंतरराष्ट्रीय मैचों का प्रतिबंध भी लगाया गया था।