सादियो माने के अंतिम क्षणों में किए गए गोल के दम पर लिवरपूल ने वेस्ट हैम को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से पराजित कर इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) में लगातार 18वीं जीत दर्ज कर मैनचेस्टर सिटी (अगस्त से दिसंबर 2017) के सर्वाधिक जीत के रिकॉर्ड की बराबरी की।
पिछले साल 20 अक्तूबर को मैनचेस्टर यूनाईटेड के खिलाफ मैच ड्रॉ खेलने के बाद से लेकर लिवरपूल ने अपने सभी मैच जीते हैं। एक समय लग रहा था कि उसका विजयरथ रुक जाएगा। जियोर्जिनो विनालडम (9वें मिनट) ने लिवरपूल की तरफ से शुरुआती गोल किया लेकिन इसा डियोप (12वें मिनट) ने जल्द ही बराबरी का गोल कर दिया।
पाब्लो फोरनैल्स (54वें मिनट) ने फिर वेस्ट हैम को बढ़त दिला दी। लेकिन 14 मिनट बाद ही लुकास फैबियांस्की की गलती से मोहम्मद सालाह (68वें मिनट) ने गोल कर स्कोर फिर बराबर कर दिया। सालाह का यह इस सत्र का 19वां गोल है। खेल खत्म होने से नौ मिनट पहले माने (81वें मिनट) ने लिवरपूल के लिए तीसरा और निर्णायक गोल किया।
अजेय है लिवरपूल : लिवरपूल की यह ईपीएल के 27 मैचों में 26वीं जीत है एक मैच ड्रॉ रहा है। इससे उसके 79 अंक हो गए है। लिवरपूल और दूसरे स्थान पर चले रहे मैनचेस्टर सिटी (57) के बीच 22 अंकों का फासला है।