लिवरपूल की जीत के हीरो डिवॉक ओरिगी और जार्जिनियो विजनाल्डम रहे। इन दोनों ने दो-दो गोल कर टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई। ओरिगी ने सातवें और 79वें मिनट में, जबकि विजनाल्डम (54वें, 56वें मिनट) ने दो मिनट के भीतर दो गोल किए।
ला लीगा चैंपियन बार्सिलोना की यह सभी यूरोपियन मुकाबलों में इंग्लिश टीम के खिलाफ सबसे बड़ी हार है। वहीं इस सत्र में चैंपियंस लीग में यह उसकी पहली हार है। उसने 12 मैच खेले जिसमें से आठ जीते और तीन ड्रॉ रहे। पिछले चार वर्षों में यह तीसरा मौका है जब बार्सिलोना को सेमीफाइनल में हार मिली।
लिवरपूल लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी इंग्लिश टीम है। इससे पहले मैनचेस्टर यूनाइटेड ने 2008 और 2009 में ऐसा किया था।
पिछले नौ साल में यह पहला मौका होगा जब चैंपियंस लीग के फाइनल मुकाबले में दुनिया के दो दिग्गज फुटबॉलर मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो में से कोई भी नहीं खेलेगा। 2013 से हर फाइनल में इन दोनों खिलाड़ियों में से एक न एक खिताबी मुकाबले में जरूर खेला। रोनाल्डो जुवेंटस से खेल रहे हैं और उनकी टीम पहले ही हार चुकी है। पिछले तीन वर्षों से रियल मैड्रिड की टीम लगातार चैंपियन रही और रोनाल्डो उसका हिस्सा रहे।