इस मामले में मेसी ने पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो का रिकॉर्ड तोड़ा। रोनाल्डो ने वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले मेसी के साथ चेस खेलने वाली तस्वीर पोस्ट की थी। इस पर 42 मिलियन (4 करोड़) से भी ज्यादा लाइक्स आए थे। तब उन्होंने वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया था। हालांकि, मेसी इससे भी आगे निकल चुके हैं।
रोनाल्डो के इस पोस्ट पर 42 मिलियन से ज्यादा लाइक्स थे...
मेसी के पोस्ट के कैप्शन में लिखा था- पूरी दुनिया के चैंपियंस। इस पोस्ट में मेसी ने लिखा- कितनी बार मैंने इसका सपना देखा था। मुझे विश्वास नहीं हो रहा है ... बहुत बहुत धन्यवाद मेरे परिवार को, उन सभी को जो मुझे सपोर्ट करते हैं और उन सभी को भी जिन्होंने हम पर विश्वास किया। हमने एक बार फिर साबित किया है कि अर्जेंटीना के लोग जब एक साथ और एकजुट होकर लड़ते हैं तो हम जो लक्ष्य रखते हैं उसे हासिल करने में सक्षम होते हैं। योग्यता इस समूह की है, जो व्यक्तियों से ऊपर है। यह सपना जो हमारा था और सभी अर्जेंटीनावासियों का था, उसने हमें लड़ने की ताकत दी... हमने कर दिखाया!!! लेट्स गो अर्जेंटीना !!!!! हम बहुत जल्द एक दूसरे से मिलने वाले हैं।
मेसी ने यह पोस्ट किया था...
मेसी ने रविवार को हुए फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में डिफेंडिंग चैंपियंस फ्रांस को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हरा दिया था। इससे पहले फुल टाइम में स्कोर 2-2 की बराबरी और एक्स्ट्रा टाइम में स्कोर 3-3 की बराबरी पर रहा था। मेसी ने फाइनल में अब तक का अपना बेस्ट परफॉर्मेंस दिया। उन्होंने दो गोल दागे।
इस विश्व कप में मेसी ने कुल मिलाकर सात गोल दागे। इससे उनके विश्व कप में किए कुल गोल्स की संख्या 13 पहुंच गई। साथ ही वह अर्जेंटीना के लिए विश्व कप में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी भी बन गए। फाइनल में मैदान पर उतरते ही मेसी ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया था। वह विश्व कप में सबसे ज्यादा मैच (26) खेलने वाले खिलाड़ी भी बन गए। यह मेसी का पांचवां विश्व कप था।