लियोनल मेसी, किलियन एम्बाप्पे और नेमार जैसे स्टार खिलाड़ियों से भरी पेरिस सेंट जर्मन क्लब की टीम ने गुरुवार को रियाद 11 को एक दोस्ताना मैच में हरा दिया। रियाद की टीम में क्रिस्टियानो रोनाल्डो एकमात्र बड़े खिलाड़ी थे। रोनाल्डो ने इस मैच में दो गोल किए, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। वहीं, पीएसजी के लिए मेसी के अलावा एम्बाप्पे ने भी गोल किया और यह टीम जीत हासिल करने में सफल रही। फीफा विश्व कप के बाद रोनाल्डो पहली बार मैदान में दिखे। विश्व कप के बाद रोनाल्डो ने सऊदी अरब के क्लब अल नस्र के साथ करार किया है। इस करार के बाद पहली बार मैदान पर उतरे। हालांकि, यह एक दोस्ताना मैच था।
रियाद 11 की टीम रोनाल्डो के क्लब अन नस्र और इसके चिर प्रतिद्वंद्वी क्लब अल हिलाल के खिलाड़ियों से मिलकर बनी थी। पीएसजी ने रोमांच से भरपूर मैच में रियाद 11 को 5-4 के अंतर से हराया। इस मैच में कुल नौ गोल हुए और एक खिलाड़ी को रेड कार्ड भी दिखाया गया। लियोनल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो के अलावा किलियन एम्बाप्पे ने भी गोल किया। वहीं, नेमार पेनल्टी में गोल करने में नाकाम रहे।
रियाद 11 के लिए रोनाल्डो ने दो गोल किए। एक गोल पेनल्टी के जरिए आया और दूसरा मैदानी गोल था। वहीं, पीएसजी के लिए मेसी ने एम्बाप्पे और नेमार को पेनल्टी के जरिए गोल करने का मौका दिया। एम्बाप्पे इसमें सफल रहे, लेकिन नेमार चूक गए। जुआन बर्नाट को 39वें मिनट में लास्ट-मैन फाउल के लिए बाहर भेज दिया गया, इससे पीएसजी की टीम कमजोर हुई, लेकिन मैच जीतने में सफल रही।
इस मैच में रोनाल्डो और मेसी दोनों स्टार खिलाड़ियों ने गोल किए। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि इन दोनों दिग्गजों के फैंस को आने वाले मैचों में और भी बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
इस मैच में पीएसजी ने पहले हाफ में दो और दूसरे में तीन गोल किए। वहीं, रियाद की टीम दोनों हाफ में दो-दो गोल ही कर पाई और मैच हार गई।
कब किसने किया गोल ?
तीसरा मिनट- पीएसजी - लियोनेल मेस्सी
34वां मिनट - रियाद - क्रिस्टियानो रोनाल्डो (पेनल्टी)
43वां मिनट - पीएसजी - मारक्विनहोस
45+5 मिनट — रियाद — क्रिस्टियानो रोनाल्डो
54वें मिनट- पीएसजी- सर्जियो रामोस
56वां मिनट- रियाद - ह्यून-सू जांग
60वां मिनट- पीएसजी- किलियन एम्बाप्पे (पेनल्टी)
78वां मिनट- पीएसजी- ह्यूगो एकिटिके
90+4 मिनट — रियाद — तालिस्का