लियोनल मेस्सी ने पेनल्टी पर एक गोल दागा जबकि दूसरे पर चूक गए जिससे ला लीगा में शीर्ष पर चल रहे बार्सिलोना ने रीयाल वालाडोलिड को 1-0 से हराया। इस बीच एटलेटिको मैड्रिड के लिए एंटोनी ग्रिजमैन ने अपना 130वां गोल दागकर फर्नांडो टोरेज को पीछे छोड़ा।
हाल के हफ्तों में जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव के बाद शनिवार को हुए इस मैच में नजरें एक बार फिर मेस्सी पर थी। वह कैंप नाउ में पूरे 90 मिनट मैदान पर रहे और लगातार 11वें सत्र में बार्सिलोना की ओर से 30 या इससे अधिक गोल का आंकड़ा छुआ।
मेस्सी ने पहले हाफ में पेनल्टी को गोल में बदला लेकिन दूसरे हाफ में उनकी पेनल्टी को विरोधी गोलकीपर जोर्डी मासिप ने नाकाम कर दिया। दूसरी तरफ ग्रिजमैन के गोल से एटलेटिको ने रायो वालेकानो को 1-0 से हराया। ग्रिजमैन का पिछले 11 मैचों में यह 10वां गोल है।
फा कप में मैनचेस्टर का कमाल
वहीं, मैनचेस्टर सिटी ने शनिवार को चौथे टीयर की टीम न्यूपोर्ट काउंटी को 4-1 से हराकर एफए कप फुटबाल टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। पहले हाफ में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। दूसरे हाफ में लेराय सेन ने सिटी को बढ़त दिलाई जिसके बाद फिल फोडेन ने टीम की बढ़त को दोगुना किया।
पेड्रेगे एमोंड ने न्यूपोर्ट की ओर से गोल दागकर स्कोर 1-2 किया लेकिन 79 सेकेंड बाद फोडेन ने एक और गोल दागकर सिटी को 3-1 से आगे कर दिया। रियाज मेहरेज ने इसके बाद एक और गोल के साथ सिटी की 4-1 से जीत सुनिश्चित की।