होंडुरास और जमैका के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में दो-दो गोल करने के बाद अर्जेंटीनी स्टार लियोनल मेसी ने पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) के लिए अपनी शानदार फॉर्म के क्रम को जारी रखा। यह मेसी और कायलियन म्बापे के गोल रहे जिसकी बदौलत पीएसजी ने नीस को 2-1 से हराकर लीग-1 में अपने सर्वोच्च स्थान को कायम रखा। इस जीत के साथ पीएसजी ने मार्सेली पर दो अंक की बढ़त बना ली है। हालांकि पीएसजी को इस जीत के लिए संघर्ष करना पड़ा। निर्धारित समय से सात मिनट पहले स्थानापन्न म्बापे ने विजयी गोल किया।
मेसी ने सत्र का पांचवां गोल किया
पीएसजी को 29वें मिनट में मेसी ने बढ़त दिलाई। उन्होंने अपने चिरपरिचित अंदाज में फ्री किक पर कुछ कदमों से लेफ्ट फुट लगाया जो गोलकीपर कैस्पर शीमाइकल को छकाते हुए दाएं गोलपोस्ट में समा गया। हालांकि मेसी ने बढ़त को दोगुना कर ही दिया था, लेकिन पहला हॉफ समाप्त होने से कुछ मिनट पहले उनकी किक को शिमाइकल ने हाथ लगाकर गोल से बाहर निकाल दिया। मेसी का इस सत्र में यह फ्रेंच क्लब केलिए यह पांचवां गोल है। पिछले सत्र में उन्होंने छह गोल किए थे। पीएसजी को अगला मुकालबा चैंपियंस लीग में पुर्तगाली क्लब बेनफिका के खिलाफ खेलना है। इसको ध्यान में रखते हुए उसने म्बापे और मेंडेस को अंतिम एकादश में नहीं उतारा, लेकिन दूसरे हॉफ में गाएटन लाबोर्डे के गोल से नीस ने बराबरी पा ली।
म्बापे ने नेमार की बराबरी की
मुकाबला 1-1 की बराबरी पर आने के बाद पीएसजी को दूसरे हॉफ में गोल नसीब नहीं हो रहा था। नजीतन पीएसजी को म्बापे और मेंडेस दोनों को उतारना पड़ा। म्बापे उम्मीदों पर खरे उतरे। उन्होंने नॉर्डी मुकीले के पास पर गोल कर पीएसजी को 2-1 की बढ़त के साथ जीत दिला दी। यह म्बापे का इस सत्र में आठवां गोल है। वह साथी फुटबॉलर नेमार के साथ लीग-1 में संयुक्त रूप से टॉप स्कोरर बन गए हैं।
लेवेंडोवस्की के गोल से बार्सिलोना टॉप पर
बार्सिलोना। रॉबर्ट लेवेंडोवस्की ने बार्सिलोना के लिए अपने शानदार प्रदर्शन के क्रम को जारी रखा है। 35वें मिनट में उनकी ओर से किए गए गोल की बदौलत बार्सिलोना ने मालोर्का को 1-0 से हराकर ला लीगा में सर्वोच्च स्थान बना लिया है। उसने गत विजेता रियल मैड्रिड पर एक अंक की बढ़त बना ली है। चैंपियंस लीग में इंटर मिलान के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले बार्सिलोना को इस जीत की जरूरत थी। चैंपियंस लीग के पहले मुकाबले में उसे बायर्न म्यूनिख के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। वहीं एटलेटिको मैड्रिड ने सेविला को 2-0 से हराया।