अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी ने निलंबन के बाद लौटते ही बार्सिलोना को उलटफेर का शिकार होने से बचाया। कोपा डेल रे फुटबॉल में दूसरे डिविजन के क्लब रायो वालेकानो के खिलाफ उन्होंने एक गोल किया और एक में सहायक रहे जिसकी मदद से उनकी टीम ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए 2-1 से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत से बार्सिलोना टूर्नामेंट में लगातार 11वीं बार अंतिम आठ में पहुंच गया।
विज्ञापन
स्पेनिश सुपर कप फाइनल में विरोधी खिलाड़ी पर प्रहार के कारण दो मैचों का निलंबन झेल चुके मेस्सी ने 69वें मिनट में बराबरी का गोल दागा। इसके बाद 80वें मिनट में फ्रेंकी डि जोंग के गोल में सहायक की भूमिका निभाई। रायो के लिए फ्रान गार्शिया ने 63वें मिनट में गोल किया था। उधर एक अन्य मैच में सेविला ने 2019 की चैम्पियन वालेंशिया को 3-0 से हराया।