फीफा विश्व कप 2026 के दौरान अर्जेंटीना को लेकर लगातार यह आरोप लगाए जा रहे हैं कि फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा उसकी मदद कर रही है। सोशल मीडिया पर 'फीफा अर्जेंटीना का पक्ष ले रहा है', 'विश्व कप फिक्स है' और 'मेसी को ट्रॉफी दिलाने की कोशिश हो रही है' जैसे दावे लगातार वायरल होते रहे। अब इन आरोपों पर अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी ने पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 2-1 की रोमांचक जीत के बाद मेसी ने साफ कहा कि अर्जेंटीना की सफलता किसी संयोग या किसी की मेहरबानी का परिणाम नहीं है, बल्कि वर्षों की मेहनत का नतीजा है।
'हमें किसी ने कुछ नहीं दिया'
आलोचकों को जवाब देते हुए आठ बार के बैलन डी'ऑर विजेता मेसी ने कहा, 'जिसे बुरा लगना है, लगे। पिछले चार साल से हम दुनिया की सबसे बेहतरीन टीम रहे हैं, चाहे लोगों को पसंद आए या नहीं। हम एक बार फिर दुनिया की दो सर्वश्रेष्ठ टीमों में शामिल हैं। इससे साबित होता है कि हमने जो कुछ हासिल किया है, वह संयोग नहीं है और हमें किसी ने कुछ नहीं दिया। लगातार दो विश्व कप फाइनल में पहुंचना हर किसी के बस की बात नहीं होती और हमारी टीम ने यह कर दिखाया है।'
'अगर हम हार जाते तो लोग फिर बातें बनाते'
मेसी ने कहा कि अगर अर्जेंटीना इंग्लैंड से हार जाता तो आलोचक एक बार फिर अलग-अलग कहानियां गढ़ते। उन्होंने कहा, 'अगर हम इंग्लैंड से हार जाते तो लोग फिर तरह-तरह की बकवास करते और हमने उन्हें ऐसा मौका नहीं दिया। हमें पता था कि फुटबॉल के लिहाज से हम उनसे बेहतर हैं। हालांकि, इस स्तर के मुकाबलों में बहुत कुछ दांव पर होता है और ऐसे मैचों में इतिहास बनता है।'
क्यों लगे थे पक्षपात के आरोप?
इस विश्व कप में अर्जेंटीना के कुछ मैचों के दौरान रेफरी और वीएआर के फैसलों को लेकर विवाद खड़े हुए थे। अल्जीरिया के खिलाफ मेसी की एक स्टड्स-अप चुनौती पर कार्रवाई नहीं होने और मिस्र तथा स्विट्जरलैंड के खिलाफ वीएआर के कुछ फैसलों के बाद सोशल मीडिया पर फीफा पर पक्षपात के आरोप लगाए जाने लगे। हालांकि फीफा की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।
माराडोना को समर्पित की जीत
इंग्लैंड के खिलाफ जीत के बाद मेसी ने अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर डिएगो माराडोना को भी याद किया। उन्होंने कहा, 'बिल्कुल, डिएगो ऊपर से इस जीत का आनंद ले रहे होंगे। आज का दिन उनके लिए बहुत खास था। उन्हें यह खुशी दे पाना हमारे लिए गर्व की बात है। वह ऊपर से जैसे भी इसे देख रहे हों, इसका आनंद लें। यह जीत उनके लिए भी एक तोहफा है।' अब अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार विश्व कप खिताब जीतने से सिर्फ एक कदम दूर है। फाइनल में उसका सामना स्पेन से होगा, जहां मेसी के पास अपने शानदार करियर में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि जोड़ने का मौका होगा।