ब्यूनस आयर्स में अर्जेंटीना के खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर भारी संख्या में फैंस मौजूद थे। सभी खिलाड़ी बस परेड का हिस्सा बनकर एयरपोर्ट से निकले। सभी खिलाड़ियों ने ट्रॉफी के साथ ओपन बस से फैंस को ट्रॉफी दिखाई। बस पर 'चैंपियंस ऑफ द वर्ल्ड' लिखा गया था।
स्टार फुटबॉलर मेसी की रविवार को हुए फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में डिफेंडिंग चैंपियंस फ्रांस को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हरा दिया था। इससे पहले फुल टाइम में स्कोर 2-2 की बराबरी और एक्स्ट्रा टाइम में स्कोर 3-3 की बराबरी पर रहा था। मेसी ने फाइनल में अब तक का अपना बेस्ट परफॉर्मेंस दिया। उन्होंने दो गोल दागे। इस विश्व कप में मेसी ने कुल मिलाकर सात गोल दागे।
विश्व कप में मेसी के कुल गोल की संख्या 13 पहुंच गई है। साथ ही वह अर्जेंटीना के लिए विश्व कप में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी भी बन गए। फाइनल में मैदान पर उतरते ही मेसी ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया था। वह विश्व कप में सबसे ज्यादा मैच (26) खेलने वाले खिलाड़ी भी बन गए। यह मेसी का पांचवां विश्व कप था।
अर्जेंटीना की टीम तीसरी बार विश्व चैंपियन बनी है। इससे पहले 1986 और 1978 में इस टीम ने फुटबॉल विश्व कप जीता था। विश्व कप जीतने के बाद अर्जेंटीना पहुंची टीम को जिस बस में घुमाया गया, उसमें तीन स्टार बने थे। ये तीनों स्टार तीन विश्व कप को दर्शाते हैं।