कप्तान लियोनल मेसी, लुईस सुआरेज और एंटोनी ग्रिजमैन के एक-एक गोल से बार्सिलोना ने ईबर को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से धो डाला। लगातार पांचवीं जीत के साथ मौजूदा चैंपियन बार्सिलोना ने तालिका में शीर्ष पर कब्जा कर लिया। उसके 19 अंक हो गए हैं जोकि रियल से एक अधिक है। ग्रिजमैन (13वें मिनट), मेसी (58वें मिनट) और सुआरेज (66वें मिनट) ने यह गोल किए।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो (19वें मिनट) और मिरालेम जानिच (54वें मिनट) के गोल से जुवेंटस ने बोलोगना को 2-1 से हराकर सीरी ए की तालिका में शीर्ष पर अपनी स्थिति और मजबूत कर ली। पिछले सप्ताह पुर्तगाल के लिए खेलते हुए रोनाल्डो ने करिअर का 700वां गोल किया था।
इस मुकाबले के लिए उन्हें विशेष जर्सी दी गई थी जिसके पीछे 700 लिखा था। चौंतीस वर्षीय रोनाल्डो ने 701वां गोल करने में ज्यादा समय नहीं लिया और मैच के 19वें मिनट में जुवेंटस को 1-0 की बढ़त दिला दी। ब्राजील के डिफेंडर दानिलो (26वें मिनट) ने इसके सात मिनट बाद ही गोल कर मुकाबले में बोलोगना की वापसी कराई। मध्यांतर के आठ मिनट बाद हालांकि जानिच के गोल से जुवेंटस ने बढ़त कायम कर ली जो मैच खत्म होने तक बरकरार रही।