ला लीगा में बार्सिलोना ने ह्यूएस्का को 4-1 से मात दी। इस विशाल जीत के साथ लियोनेस मेसी ने पूर्व मिडफील्डर जावी हर्नांडेज के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली, जो उन्होंने बार्सिलोना के लिए सर्वाधिक मैच में प्रतिनिधित्व करने का बनाया था। मुकाबले में दो गोल करने वाले मेसी का यह बार्सिलोना के लिए 767वां मुकाबला था।
बार्सिलोना ने इस जीत के साथ ही अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर मौजूद एटलेटिको मैड्रिड के साथ अंकों का फासला कम कर लिया है। इस जीत के बाद बार्सिलोना के 27 मैचों में 59 अंक हो गए हैं और उसका 27 मैचों में 63 अंक लेकर पहले स्थान पर मौजूद एटलेटिको मैड्रिड के साथ फासला चार अंकों का रह गया है।