पहले ही खिताब पर कब्जा कर चुके बार्सिलोना ने ला लीगा में गेटाफे को 2-0 से पराजित किया। इस हार के साथ ही गेटाफे की शीर्ष चार में रहकर चैंपियंस लीग के लिए क्वालिफाई करने की उम्मीदें भी धूल गईं। पिछले हफ्ते चैंपियंस लीग सेमीफाइनल में लिवरपूल से शिकस्त झेलने वाली लियोनल मेसी की टीम बार्सिलोना की यह 37 मैचों में 26वीं जीत है। बार्सिलोना के लिए अर्तुरो विदाल ने 39वें मिनट में, जबकि मौरो अरांबरी ने 89वें मिनट में आत्मघाती गोल किया।
सोसिदाद ने रियल मैड्रिड को 3-1 से धोया
रियल मैड्रिड को रियल सोसिदाद के हाथों 1-3 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। जिनेजिन जिदान की टीम की यह ला लीगा में 11वीं हार है। मैड्रिड को ब्राहिम डियाज ने छठे मिनट में ही गोल कर बढ़त दिला दी थी, लेकिन इसके बाद टीम लय बरकरार नहीं रख पाई। सिसिदाद के लिए मिकेल मैरिनो (26वें मिनट), जोसेबा जलदुआ (57वें मिनट) और एंडर बैरेनटेक्सिया (67वें मिनट) ने एक-एक गोल किया।
रोम की जुवेंटस पर जीत से बढ़ी उम्मीदें
एडिन जैको और ए फ्लोरेंजी के गोल से रोम ने सिरी ए चैंपियन जुवेंटस को 2-0 से मात देकर चैंपियंस लीग के लिए क्वालिफाई करने की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। पहला हाफ गोल रहित रहने के बाद फ्लोरेंजी ने 79वें मिनट में गोल कर रोम को 1-0 की बढ़त दिलाई। जैको (90+2) ने इंजुरी टाइम में गोल कर रोम की 2-0 से एकतरफा जीत तय कर दी। जुवेंटस और दूसरे स्थान पर मौजूद नपोली पहले ही चैंपियंस लीग के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं। दोनों शेष स्थानों के लिए चार टीमों अंटलांटा(65) , इंटर मिलान (63) , एसी मिलान (62) और रोम (62) में होड़ है।